दतिया में बोले भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी: जनता के अधिकारों से छलावा करना कांग्रेस के डीएनए में शामिल

दतिया27जुलाई2026 दतिया विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने सोमवार को ग्रामीण इलाकों में सघन जनसंपर्क कर मतदाताओं से आशीर्वाद मांगा। उन्होंने ग्राम बहादुरपुर, महाराजपुरा, चहबहादुरपुर, बिडनिया, निरावल, रेड़ा, झड़िया और रिछरा सहित अनेक गांवों का दौरा किया। इस दौरान आयोजित नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए आशुतोष तिवारी ने कहा कि विकास कार्य भाजपा की डबल इंजन सरकार की पहचान हैं और जनसेवा ही पार्टी का मुख्य संकल्प है।

कांग्रेस ने रोका विकास, जनता से किया छलावा: आशुतोष तिवारी

जनसंपर्क के दौरान नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में दतिया को नई पहचान मिली है। आज दतिया में एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज और जगह-जगह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और नागरिकों को बेहतर इलाज मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पिछले ढाई वर्षों से दतिया के विकास में अड़ंगे लगाए और जनता को उनके अधिकारों से वंचित रखा। जनता के अधिकारों से छलावा करना कांग्रेस के डीएनए में शामिल है, इसलिए इस बार भाजपा के कमल के फूल पर बटन दबाकर दतिया के रुके हुए विकास को फिर से गति देना जरूरी है।

एक बेटे और भाई की तरह दिन-रात करूंगा जनसेवा

आशुतोष तिवारी ने कहा कि दतिया उनकी कर्मभूमि रही है और यहां की जनता से उनका गहरा नाता है। पार्टी ने उन्हें क्षेत्रवासियों की सेवा का अवसर दिया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे एक बेटे और भाई के रूप में हर सुख-दुख में जनता के बीच खड़े रहेंगे और दतिया के सर्वांगीण विकास के लिए दिन-रात समर्पित रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र पर काम करती है। इस सघन जनसंपर्क अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *