ग्वालियर27जुलाई2026 थाना जनकगंज पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से चोरी की दो एक्टिवा गाड़ियां और एक लैपटॉप बरामद किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी से थाना जनकगंज और थाना माधौगंज क्षेत्र में हुई चोरी की तीन एक्टिवा, एक मोटरसाइकिल और एक घर से लैपटॉप चोरी सहित कुल पांच वारदातों का खुलासा हुआ है।
तिघरा रोड पर चेकिंग के दौरान घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
थाना प्रभारी जनकगंज निरीक्षक अतुल सिंह सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम को वाहन चोरों की धरपकड़ हेतु लगाया गया था। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शातिर वाहन चोर जितेंद्र जोशी उर्फ गुलाब जामुन चुराई हुई एक्टिवा लेकर तिघरा की तरफ जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तिघरा रोड बजरंग कॉलोनी के सामने वाहनों की चेकिंग शुरू की। तभी एक युवक एक्टिवा लेकर आता दिखा, जो पुलिस चेकिंग देखकर गाड़ी छोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जितेंद्र जोशी उर्फ गुलाब जामुन (19 वर्ष) निवासी गुप्तेश्वर मंदिर के पास गोल पहाड़िया, लश्कर ग्वालियर बताया।
बिजली घर रोड से चुराई थी एक्टिवा, पूछताछ में खुले कई राज
पुलिस द्वारा आरोपी से स्कूटी के संबंध में पूछताछ की गई, तो उसने 14 जुलाई 2026 को बिजली घर रोड गोल पहाड़िया से चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फरियादी अमन कुशवाहा की चोरी गई ग्रे कलर की एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक MP07-SG-5615) जप्त कर अपराध क्रमांक 189/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसने 3 जुलाई की रात नयापुरा धर्मकांटे के पीछे माता मंदिर के पास स्थित फरियादी रामजीलाल के घर में घुसकर लेनोवो कंपनी का लैपटॉप चुराया था (अपराध क्रमांक 168/26)। इसके अलावा 15 जुलाई की सुबह ढोलीबुआ का पुल विनय कोचिंग के पास से फरियादी इमरान खान की एक्टिवा (क्रमांक MP07-SJ-8886) चुराई थी (अपराध क्रमांक 187/26)।
जंगल में छिपा रखी थी एक्टिवा, डिक्की से मिला चोरी का लैपटॉप
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गुप्तेश्वर मंदिर के पास जंगल में छिपाकर रखी गई स्कूटी (क्रमांक MP07-SJ-8886) को बरामद किया। स्कूटी की डिक्की की तलाशी लेने पर उसके अंदर से चुराया गया लेनोवो कंपनी का लैपटॉप भी बरामद हो गया। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने थाना जनकगंज के अपराध क्रमांक 137/26 में फरियादी राजेंद्र राठौर की 2 जून 2026 को संजयनगर से चोरी गई पल्सर मोटरसाइकिल और थाना माधौगंज के अपराध क्रमांक 167/26 में फरियादी विवेक अग्रवाल की 4 जुलाई 2026 को लाला का बाजार क्षेत्र से चुराई गई एक्टिवा (क्रमांक MP07-SK-7289) की वारदात भी कबूल की। माधौगंज क्षेत्र की एक्टिवा पूर्व में जप्त की जा चुकी है, जबकि पल्सर बाइक की बरामदगी शेष है। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी जनकगंज निरीक्षक अतुल सिंह सोलंकी, उप निरीक्षक विदुर सिंह कौरव, सहायक उप निरीक्षक राजेश भदौरिया, जितेंद्र सिंह गुर्जर, हेमंत सिंह भदौरिया, आरक्षक भूपेंद्र धाकड़, पवन यादव, विकास माहौर और नीरज राजौरिया की सराहनीय भूमिका रही।





