‘भाजपा विकास को और कांग्रेस एक परिवार को देती है प्राथमिकता’: दतिया में बोले सांसद भारत सिंह कुशवाह

दतिया27जुलाई2026 दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रभारी व सांसद भारत सिंह कुशवाह ने सोमवार को ठंडी सड़क पर आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जहां हर क्षेत्र का सर्वांगीण विकास किया है, वहीं समाज के हर वर्ग को उचित प्रतिनिधित्व भी दिया है। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने जन-जन के उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा जनता को दिया है, और अब उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान कर समर्थन देने की बारी जनता की है।

सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर से दतिया को मिली नई पहचान: भारत सिंह कुशवाह

जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि दतिया में मां पीतांबरा माई का विश्व प्रसिद्ध मंदिर स्थित है, जहां दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं। पूर्ववर्ती सरकारों के समय सुविधाओं के अभाव के कारण लोग यहां आने से झिझकते थे, लेकिन भाजपा सरकार ने दतिया की तस्वीर बदल दी है। आज दतिया एयर कनेक्टिविटी से जुड़ चुका है, सड़कों का बेहतरीन जाल बिछाया गया है, पीतांबरा लोक का निर्माण कराया जा रहा है और पूरे क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है।

कांग्रेस ने परिवार को प्राथमिकता दी, भाजपा ने सुरक्षा और विकास दिया

उपचुनाव प्रभारी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि लंबे समय तक शासन करने के बावजूद कांग्रेस ने कभी दतिया के विकास की चिंता नहीं की। कांग्रेस की राजनीति केवल व्यक्ति विशेष और एक परिवार तक सीमित रही, जबकि भाजपा ने हमेशा जन-जन के अधिकारों और सुरक्षा की चिंता की है। आज भाजपा शासन में लोग अपने घरों में शांति और सुरक्षा के साथ सो रहे हैं। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार ने गरीबों को पक्के मकान देने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना और महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लाडली बहना योजना जैसी ऐतिहासिक योजनाएं चलाई हैं। उन्होंने आगामी उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाकर विकास की इस गति को बनाए रखने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *