ग्वालियर27जुलाई2026 थाना ग्वालियर पुलिस ने पुराने विवाद पर जानलेवा फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। इस गोलीबारी की घटना में घायल एक युवक के मुंह में गोली लगने से उसकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली एम्स रेफर किया गया है। पुलिस पकड़े गए तीनों आरोपियों से घटना में प्रयुक्त हथियारों और वारदात में शामिल उनके अन्य सहयोगियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है।
दूध की डेयरी पर खड़े दोस्तों पर कट्टों से दागीं गोलियां
घटना के संबंध में फरियादी गुरुदत्त सिंह भदौरिया निवासी रानीपुरा चार शहर का नाका थाना ग्वालियर ने ट्रामा सेंटर में घायल अवस्था में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी के अनुसार 24 जुलाई 2026 की रात वह अपने दोस्त अभि यादव के साथ आरामील जिम से लौट रहा था। खडेश्वरी मंदिर के पास स्थित डेयरी पर दूध लेने के लिए रुकने के दौरान उनके दोस्त योगेश राठौर और करन तोमर भी वहां आ गए। चारों आपस में बातचीत कर ही रहे थे कि उसी समय चार मोटरसाइकिलों पर सवार होकर अंशू पटेल, लड्डू उर्फ निहाल परिहार, विलन उर्फ कृष्णा, अर्जुन पहाड़िया, राहुल राजपूत, छिन्नू रजक और दो अन्य अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे। सभी ने आते ही एक राय होकर गंदी-गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं। जब गुरुदत्त और उसके दोस्तों ने गालियां देने से मना किया, तो आरोपियों ने जान से मारने की नियत से अपने पास रखे कट्टों से अंधाधुंध गोलियां चलाना शुरू कर दिया।
मुंह में गोली लगने से योगेश की हालत गंभीर, दिल्ली एम्स रेफर
इस गोलीबारी में गुरुदत्त सिंह, करन तोमर और योगेश राठौर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद हमलावरों ने अभि यादव को पकड़कर कट्टों के बटों से उसके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसके सिर से खून बहने लगा। घायलों द्वारा चीख-पुकार मचाने पर आरोपी आइंदा जान से खत्म करने की धमकी देते हुए अपनी-अपनी मोटरसाइकिलों से मौके से फरार हो गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना ग्वालियर में अपराध क्रमांक 375/26 धारा 109, 115(2), 296, 351(3), 191(2), 191(3), 190 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। घटना में घायल योगेश राठौर के मुंह में गोली लगने के कारण उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे दिल्ली एम्स रेफर किया गया है।
मंगलेश्वर रोड से तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
थाना प्रभारी ग्वालियर निरीक्षक प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मंगलेश्वर रोड से फरार आरोपी अर्जुन पहाड़िया पिता गोपाल सिंह (23 वर्ष) निवासी जहांगीर कटरा ग्वालियर, अंशू पटेल पिता श्याम सुंदर पटेल (22 वर्ष) निवासी गोसपुरा नंबर 1 हाल ग्राम राउरी दतिया और निहाल परिहार उर्फ लड्डू पिता गजेंद्र सिंह (19 वर्ष) निवासी गोसपुरा नंबर 1 ग्वालियर को धर दबोचा। पूछताछ में तीनों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
उक्त त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी ग्वालियर निरीक्षक प्रशांत शर्मा, उप निरीक्षक रामेंद्र सेंगर, उप निरीक्षक अजय सिंह सिकरवार, आरक्षक बृज किशोर सिंह भदौरिया, गिर्राज शर्मा, अशोक गुर्जर, नागर गुर्जर और प्रशांत यादव की सराहनीय भूमिका रही।





