ग्वालियर29अगस्त2025। कोतवाली थाना पुलिस ने सराफा बाजार स्थित बर्तन की दुकान में हुई चोरी का पर्दाफाश करते हुए दो नाबालिग आरोपियों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर तांबे और पीतल के सामान सहित करीब 35 हजार रुपये मूल्य का माल जब्त किया है।
चोरी की यह घटना 26 अगस्त की रात को हुई थी। फरियादी चिराग अग्रवाल, निवासी सिकंदर कम्पू ने पुलिस को रिपोर्ट दी थी कि कसेरा ओली स्थित उसकी दुकान के ताले अज्ञात चोरों ने तोड़ दिए और दुकान से तांबे के तार, ढेकची, पानदान, परांत, कांसे की थाली व बेला, पीतल की टोटी और तमेढी सहित कई सामान चोरी हो गया। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 88/25 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
थाना प्रभारी उप निरीक्षक मोहिनी वर्मा ने टीम गठित कर चोरों की तलाश शुरू की। पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान कर मुखबिरों को सक्रिय किया।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध आरोपी हॉस्पिटल रोड पर मौजूद हैं। पुलिस ने दबिश देकर दो किशोरों को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया और अपने एक अन्य साथी के शामिल होने की बात बताई। उनकी निशानदेही पर कैंसर पहाड़िया क्षेत्र के पास से चोरी का माल बरामद कर लिया गया।
बरामद सामान में तांबे के तार, पाइप, पानदान, पीतल की तमेढी व टोटी सहित लगभग 35 हजार रुपये मूल्य का सामान शामिल है। पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को अभिरक्षा में लिया है और फरार साथी की तलाश जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक मोहिनी वर्मा, प्रधान आरक्षक अमित दुबे, मक्खन छारी, आरक्षक राजेश मंडेलिया, गौरव जैन, राहुल भदौरिया, नितिन गुर्जर और हिमाचल लोधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





