दतिया24जुलाई2026 केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में ग्रामीण क्षेत्रों बड़ौनी, जिगना, निचरोली, चकरासागर और गोविंद नगर में विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार में विकास और प्रगति की आंधी आई है। कांग्रेस ने देश की सत्ता पर 70 वर्षों तक और प्रदेश में भी लंबे समय तक शासन किया, लेकिन विकास के कार्य कभी नहीं कराए। कांग्रेस नेताओं ने जनता के अधिकारों को छीनकर अपनी जेबें भरने का काम किया। कांग्रेस हमेशा परिवारवाद को बढ़ावा देती रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी में समर्पित कार्यकर्ताओं को उनका अधिकार मिलता है। इसी सोच के तहत संगठन के निष्ठावान कार्यकर्ता आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाया गया है। इस बार दतिया के सर्वांगीण विकास के लिए कमल का बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशी को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाना है।
वैश्विक स्तर पर बढ़ा भारत का मान और स्वाभिमान
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है और अंतरराष्ट्रीय मामलों में शक्तिशाली देश भारत की ओर देखते हैं। अमेरिका-ईरान युद्ध के समय भी प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व के कारण देश की अर्थव्यवस्था और आम जनता पर कोई आंच नहीं आने दी गई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने समाज के हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं बनाई हैं। कांग्रेस ने 65 वर्षों के शासन में महज 3 करोड़ आवास दिए थे, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 वर्षों में 4 करोड़ गरीबों को पक्के घर दिए और अगले 10 वर्षों में 10 करोड़ आवास देने का लक्ष्य रखा है। घर-घर एलपीजी सिलेंडर और किसान सम्मान निधि देकर हर नागरिक के जीवन में खुशहाली लाई गई है।
दतिया के उज्ज्वल भविष्य और विकास की निरंतरता का चुनाव
क्षेत्र के पुराने दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि 18 वर्ष पहले दतिया में सड़कें गायब थीं और बच्चों को टिमटिमाते बल्ब व लालटेन की रोशनी में पढ़ाई करनी पड़ती थी। अब दतिया को उन पुराने दिनों में वापस नहीं जाने देना है। भाजपा सरकार ने दतिया को मेडिकल कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय, एयर कनेक्टिविटी, रेलवे स्टॉपेज और सांदीपनि स्कूल जैसी बड़ी सौगातें दी हैं। कांग्रेस ने पिछले ढाई वर्षों में दतिया के विकास की रफ्तार को रोक दिया था, जिसे अब फिर से तेज करना है। सिंधिया ने कहा कि सिंधिया परिवार का दतिया की जनता के साथ सदैव पारिवारिक रिश्ता रहा है और हर आपदा के समय उनका परिवार सबसे पहले जनता के बीच पहुंचा है। जनसभाओं को मंत्री राकेश शुक्ला, सांसद संध्या राय, कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक प्रीतम लोधी, जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह, पूर्व विधायक इमरती देवी, रणवीर सिंह जाटव, महेंद्र सिंह यादव, पवन पहारिया, कमलेश अहिरवार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





