दतिया24जुलाई2026 (दतिया) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने शुक्रवार को दतिया स्थित भाजपा चुनाव कार्यालय में युवाओं के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि दतिया का सुनहरा कल, हर घर खिलेगा कमल केवल एक चुनावी नारा नहीं, बल्कि दतिया के सर्वांगीण विकास, सुशासन, जनकल्याण और समृद्ध भविष्य का संकल्प है। भारत विश्व का सबसे युवा देश है और यही युवा देश की सबसे बड़ी पूंजी हैं। ऊर्जावान, शिक्षित और जागरूक युवा ही सशक्त और विकसित भारत की नींव हैं। भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत से विजयी बनाने में देश और प्रदेश के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवा शक्ति से आह्वान किया कि वे चुनाव में पूरी जागरूकता और विकसित भारत के संकल्प के साथ भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने में योगदान दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा की राजनीति सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का अभियान है। इस दौरान उन्होंने विभिन्न समाज वर्गों के वरिष्ठजनों से भी मुलाकात की।
विकास और सुशासन ही भाजपा का संकल्प
प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश को विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की नई दिशा दी है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के कल्याण, आधारभूत संरचना के विकास, किसानों के हित, युवाओं के रोजगार, महिलाओं के सशक्तिकरण तथा गरीब कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे जनता का विश्वास भाजपा के प्रति मजबूत हुआ है। भाजपा का संकल्प है कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव, वार्ड और परिवार तक विकास व योजनाओं का लाभ पहुंचे। भाजपा सरकारों की नीतियां केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि उनका प्रभाव धरातल पर स्पष्ट दिखाई देता है। यही कारण है कि जनता विकास और सुशासन के नाम पर पार्टी के साथ मजबूती से खड़ी है। चुनाव केवल मतदान का अवसर नहीं, बल्कि क्षेत्र के भविष्य का निर्णय करने का महत्वपूर्ण पर्व है, इसलिए प्रत्येक युवा इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाए और यह सुनिश्चित करे कि एक भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे।
कार्यकर्ता और युवा शक्ति ही पार्टी की असली ताकत
उन्होंने कार्यकर्ताओं और युवाओं के समर्पण को पार्टी की असली ताकत बताते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के बीच विश्वास का प्रतिनिधि है। कार्यकर्ताओं और युवाओं की मेहनत, समर्पण और जनसंपर्क ही पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने आह्वान किया कि आगामी मतदान तक प्रत्येक युवा पूरी ऊर्जा, उत्साह और समर्पण के साथ प्रत्येक बूथ पर सक्रिय भूमिका निभाए तथा अधिक से अधिक मतदाताओं को भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करे। क्षेत्र की जनता आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाकर विकास की इस यात्रा को और अधिक गति देगी। यह चुनाव केवल एक जनप्रतिनिधि चुनने का नहीं, बल्कि दतिया के उज्ज्वल भविष्य, विकास की निरंतरता और जनकल्याण के संकल्प को मजबूत करने का चुनाव है।





