दतिया23जुलाई2026 भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने गुरुवार को दतिया में सेवड़ा एवं भांडेर विधानसभा के कार्यकर्ताओं की बैठकों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की ऐतिहासिक जीत का दावा करते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक जाकर सरकार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कांग्रेस ने वोट बैंक समझा, भाजपा ने की सेवा
कार्यकर्ताओं की बैठकों को संबोधित करते हुए हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हो रहे ऐतिहासिक विकास कार्य भाजपा को उपचुनाव में प्रचंड विजय दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दतिया की जनता को केवल वोट बैंक समझा, जबकि भाजपा ने हमेशा सेवा और विकास की राजनीति की है। पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी जमीन से जुड़े कार्यकर्ता हैं, जो वर्षों से संगठन और जनता की सेवा में समर्पित हैं।
दतिया के विकास का श्रेय नरोत्तम मिश्रा को
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि दतिया विधानसभा क्षेत्र में विकास की जो मजबूत नींव रखी गई है, उसका बड़ा श्रेय पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को जाता है। उनके नेतृत्व में दतिया में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और इंफ्रास्ट्रक्चर के कई बड़े कार्य हुए, जिन्होंने क्षेत्र की तस्वीर बदली। भाजपा के लिए राजनीति सत्ता पाने का जरिया नहीं, बल्कि जनसेवा का संकल्प है। यही कारण है कि दतिया में अधिकांश बड़े विकास कार्य भाजपा सरकारों के कार्यकाल में ही संभव हुए हैं।
हर बूथ पर पहुंचेगा विकास का संदेश
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे दतिया के प्रत्येक बूथ तक पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दें। बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक संगठन पूरी मजबूती से काम कर रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, जनता के आशीर्वाद और विकास के प्रति पार्टी के संकल्प के बल पर भाजपा दतिया उपचुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करेगी।
बैठक के दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ, सांसद भारत सिंह कुशवाह, विधायक प्रदीप अग्रवाल, पूर्व विधायक घनश्याम पिरोनिया, सीताराम आदिवासी, डॉ. अभिजीत देशमुख और रमेश आदिवासी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।





