दतिया23जुलाई2026 दतिया विधानसभा उपचुनाव प्रभारी एवं ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने गुरुवार को ग्रामीण क्षेत्रों सहित दतिया नगर में सघन जनसंपर्क कर नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सामाजिक संगठनों की बैठकों में भी सहभागिता की और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में मतदान करने की अपील की।
ढाई साल रुका रहा विकास, अब मिलेगी तेज गति
ग्रामीण क्षेत्रों बड़ौन कला, गुलियापुरा, निबरी सहित कई गांवों में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि दतिया विधानसभा क्षेत्र में पिछले ढाई वर्षों से विकास का पहिया पूरी तरह रुका हुआ था। अब अगले ढाई वर्षों में इस विकास को दोगुनी रफ्तार दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्य केवल सत्ता पक्ष की सरकार और उनका विधायक ही करा सकता है, जबकि विपक्ष के पास केवल रोना रोने के अलावा कोई काम नहीं होता।
भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी, कांग्रेस में राजा-महाराजाओं का बोलबाला
संसदीय क्षेत्र के मुद्दों पर बात करते हुए कुशवाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता को जनता की सेवा का अवसर दिया है। इसके विपरीत कांग्रेस हमेशा राजा-महाराजाओं को टिकट देती है, जो चुनाव जीतने के बाद कभी जनता के बीच दिखाई नहीं देते। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार चल रही है, जिसमें दतिया के विकास की एक और बोगी जोड़ना जरूरी है।
हर समाज को मिला उचित प्रतिनिधित्व
लोधी, सैन, प्रजापति, आदिवासी और कुशवाह समाज की बैठकों में शिरकत करते हुए उपचुनाव प्रभारी ने कहा कि भाजपा ने हर छोटे-बड़े समाज को नेतृत्व और सम्मान देने का काम किया है। कांग्रेस में केवल वंशवाद और विरासत को बढ़ावा दिया जाता है, जबकि भाजपा की सरकारों ने सभी वर्गों के जीवनस्तर को सुधारने के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं।
योजनाओं का लाभ उठा रहा है हर वर्ग
सांसद ने कहा कि प्रदेश में भाजपा शासनकाल के दौरान ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। आज लाड़ली बहना योजना, बुजुर्गों के लिए तीर्थ दर्शन योजना और युवाओं के लिए स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि दतिया के रुके हुए विकास को पूरा करने के लिए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाएं।
जनसंपर्क और बैठकों के दौरान पूर्व विधायक सीताराम आदिवासी, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष रमेश आदिवासी, जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र रावत, सीमा यादव, कमलेश कुशवाह सहित विभिन्न समाजों के वरिष्ठजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





