कांग्रेस राजा-महाराजाओं की पार्टी, आम जनता से नहीं कोई सरोकार: दतिया में गरजे भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी

दतिया23जुलाई2026 दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने गुरुवार को क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों सहित दतिया नगर के विभिन्न वार्डों में सघन जनसंपर्क कर जनता से आशीर्वाद मांगा। इस दौरान उन्होंने कई ग्रामीण क्षेत्रों और शहरी वार्डों में सामाजिक बैठकों में सहभागिता की तथा नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया।

कांग्रेस नेतृत्वहीन और गुटबाजी से ग्रस्त दल

नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने विरोधी दल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से नेतृत्वहीन और मुद्दाविहीन दल है, जहां नेताओं के अपने-अपने अलग गुट बने हुए हैं। गुटबाजी में उलझी पार्टी कभी क्षेत्र का विकास नहीं करा सकती। उन्होंने कांग्रेस को राजा-महाराजाओं की पार्टी बताते हुए कहा कि उन्हें आम जनता और उनकी जमीनी समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।

भाजपा में कार्यकर्ता को मिलता है सम्मान

भारतीय जनता पार्टी की कार्यशैली पर बात करते हुए तिवारी ने कहा कि भाजपा में सशक्त और समृद्धशाली नेतृत्व है। पार्टी में साधारण से साधारण कार्यकर्ता को भी जनता की सेवा का मौका दिया जाता है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में राज्य और देश का निरंतर विकास हो रहा है।

यह चुनाव राजनीतिक नहीं, दतिया के विकास का है

जनसभाओं में आशुतोष तिवारी ने स्पष्ट किया कि यह चुनाव सिर्फ भाजपा और कांग्रेस का चुनाव नहीं है, बल्कि यह दतिया विधानसभा क्षेत्र के विकास का चुनाव है। पिछले कुछ समय में जो विकास कार्य थम गए थे, उन्हें फिर से गति देने के लिए भाजपा को जिताना जरूरी है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि एक बार सेवा का अवसर दें, वे सेवक बनकर हमेशा क्षेत्रवासियों के सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे।

जगह-जगह भव्य स्वागत और तुलादान

जनसंपर्क के दौरान डांग करैरा, सलैया, चिराई, बड़ौनी सहित कई गांवों और दतिया नगर के वार्डों में भाजपा प्रत्याशी का जोरदार स्वागत किया गया। बुजुर्गों, माताओं और युवाओं ने उन्हें जीत का आशीर्वाद दिया। कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों और समर्थकों द्वारा फलों एवं अनाजों से उनका तुलादान भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *