ग्वालियर23जुलाई2026 डबरा में शराब के लिए रुपये मांगने और मना करने पर पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट करने वाले चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ईको कार और डंडे बरामद कर घटना स्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएट कराया और इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया।
गलत दिशा से वाहन खड़ा करने पर शुरू हुआ विवाद
घटना की जानकारी देते हुए फरियादी नितिन रजक ने बताया कि वह हाईवे स्थित श्रीराम फिलिंग स्टेशन पर कार्यरत है। 16 जुलाई की देर रात आरोपी दीपक उर्फ कल्लू रजक गलत दिशा से ईको कार लेकर आया। फरियादी द्वारा कार को सही जगह लगाने का अनुरोध करने पर आरोपी ने लात-घूंसों से मारपीट की और चला गया। कुछ देर बाद आरोपी अपने तीन अन्य साथियों के साथ वापस लौटा और शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। मना करने पर चारों आरोपियों ने डंडों से हमला कर कर्मचारी को घायल कर दिया था।
चांदपुर तिराहा से दबोचे गए तीन आरोपी
फरियादी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 381/2026 दर्ज कर डबरा सिटी पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही थी। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी चांदपुर तिराहा स्थित बस स्टॉप पर मौजूद हैं। डबरा सिटी पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके से दीपक उर्फ कल्लू रजक, राहुल सेन और राजू खान उर्फ राज मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने वारदात में चौथे साथी बृजेंद्र उर्फ माते रावत के शामिल होने की बात कबूल की।
चौथा आरोपी दतिया से गिरफ्तार, कार व डंडे जब्त
पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चौथे आरोपी बृजेंद्र उर्फ माते रावत को दतिया जिले के गोराघाट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त ईको कार (एमपी-07-एजे-2469) और दो डंडे जब्त किए गए हैं। इसके बाद पुलिस चारों आरोपियों को घटना स्थल पर ले गई जहां क्राइम सीन रीक्रिएट कराया गया।
कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका
आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी डबरा सिटी उप निरीक्षक संजय शर्मा, प्रधान आरक्षक सुभाष गुर्जर, शैलेंद्र दीक्षित, आरक्षक मिंटू परिहार तथा विनोद रावत की मुख्य भूमिका रही।





