ग्वालियर24जुलाई2026 थाना मुरार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुरार पुलिस ने राजस्थान के दो शातिर ठगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 16 लाख रुपये का नकली सोना बेचकर ठगी गई पूरी राशि और सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं। फरियादी विकास जैन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 जुलाई को उनकी आर.के. ज्वैलर्स दुकान पर दो व्यक्ति सुंदर भोपा और रामलाल उर्फ चांदवीर पहुंचे। उन्होंने खुद को पुश्तैनी जेवर बेचने वाला बताते हुए 130 ग्राम वजनी सात तवजिया बेचने की बात कही, जिसकी कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई।
नकली सोना देकर ऐंठे नगदी व सोने-चांदी के जेवर
सराफा व्यापारी विकास जैन ने दोनों आरोपियों को 10.50 लाख रुपये नगद तथा 5.50 लाख रुपये मूल्य की दो चांदी की करधौनी, दो चांदी के कड़े और 20 ग्राम वजन की सोने की झुमकियां दे दीं। आरोपियों के दुकान से जाते ही जब सोने की दोबारा जांच की गई, तो वह पूरी तरह नकली निकला। व्यापारी और स्थानीय लोगों ने तुरंत घेराबंदी कर आकाशवाणी चौराहे के पास से एक आरोपी सुंदर भोपा को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी रामलाल उर्फ चांदवीर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पकड़ाए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 357/26, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और पूछताछ के आधार पर दूसरा आरोपी गिरफ्तार
थाना प्रभारी मुरार निरीक्षक मैना पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण किया और पकड़े गए आरोपी सुंदर भोपा से सख्त पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर फरार आरोपी रामलाल उर्फ चांदवीर को सात नंबर चौराहे से गिरफ्तार कर लिया गया।
ठगी का शत-प्रतिशत माल बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर ठगे गए 10.50 लाख रुपये नगद, 20 ग्राम वजन की दो जोड़ी सोने की झुमकियां, 400 ग्राम की दो चांदी की करधौनी और 500 ग्राम के दो चांदी के कड़े बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपी सुंदर पुत्र वीरपाल भोपा निवासी ग्राम केशरोली (अलवर, राजस्थान) और रामलाल उर्फ चांदवीर निवासी कटुमर (अलवर, राजस्थान) से पुलिस अन्य आपराधिक वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी मैना पटेल, उपनिरीक्षक ब्रह्मानंद शर्मा, प्रधान आरक्षक हरवीर यादव, अर्चना कंसाना, आरक्षक संजय गुर्जर, राहुल जाट, देवेंद्र साहू, जसवीर गुर्जर और प्रदीप यादव की मुख्य भूमिका रही।





