शादी समारोह में जा रहे दंपत्ति से लूट करने वाले मुरैना के चार आरोपी गिरफ्तार, कट्टा और लूटा गया मंगलसूत्र बरामद, बिजौली पुलिस की कार्यवाही

ग्वालियर24जुलाई2026 थाना बिजौली पुलिस ने दंपत्ति से हुई लूट की वारदात का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने अधिया की नोक पर सोने का मंगलसूत्र और झुमकियां लूटने वाले चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से वारदात में प्रयुक्त कट्टा, कारतूस, बाइक और लूटा गया माल बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। फरियादी भूपेंद्र सिंह सोनवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 मई 2026 की रात वे अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी तोरिया मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

315 बोर का कट्टा अड़ाकर की थी लूट

पीड़ित के अनुसार, बदमाशों में से एक ने उनकी छाती पर 315 बोर की अढ़िया अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान सुपावली की ओर से एक वाहन आता देख बदमाश घबरा गए और महिला के गले से सोने का पेंडल व 10 मोती लगा मंगलसूत्र तथा कानों की झुमकियां छीनकर सुपावली की ओर भाग निकले। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बिजौली में अपराध क्रमांक 109/26, धारा 309(4) बीएनएस एवं 11/13 एमपीडीपीके एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मुरैना में पकड़े गए बदमाशों को रिमांड पर लेकर हुई पूछताछ

थाना प्रभारी बिजौली उप निरीक्षक सौरभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इसी दौरान मुरैना जिले के थाना नूराबाद पुलिस द्वारा बंटी उर्फ धर्मवीर गुर्जर, रिंकू गुर्जर, भोलू उर्फ मंगल सिंह गुर्जर और सुनील गुर्जर (सभी निवासी जिला मुरैना) को लूट के मामले में पकड़े जाने की सूचना मिली। बिजौली पुलिस ने अदालत से आरोपियों का पुलिस रिमांड हासिल किया और गहनता से पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने बिजौली क्षेत्र की इस लूट की वारदात को स्वीकार कर लिया।

कट्टा, कारतूस और लूटा गया माल जप्त

पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम खैरवाया चांदवाई की पहाड़ियों के पास से वारदात में प्रयुक्त एक 315 बोर का कट्टा, एक जिंदा कारतूस तथा लूटे गए मंगलसूत्र का पेंडल व 8 मोती बरामद कर लिए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल (एमपी06-जेडके-5077) को थाना महाराजपुरा के अन्य अपराध में जप्त होने से विधिवत जप्त किया गया। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक पूरन सिंह सिकरवार, बदन सिंह, आरक्षक अरुण सिंह, अनिल राठौर, पुष्पेंद्र सिंह रावत, सचिन सिंह, प्रतापभानु और संजय शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *