सस्ती शराब न देने पर कट्टे से चलाया था फायर, मुरार पुलिस ने मुख्य आरोपी सैफ अली खान समेत साथियों को दबोचा

ग्वालियर06अगस्त2026 मुरार थाना क्षेत्र के खुरैरी स्थित देशी व विदेशी कलारी पर कम दामों में शराब न देने की बात को लेकर सेल्समैन पर जानलेवा हमला करने वाले दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। फरियादी शंकर द्विवेदी की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

कम दाम में शराब न देने पर किया था हमला

फरियादी शंकर द्विवेदी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया था कि 28 जुलाई की रात खुरैरी निवासी सैफ अली खान कलारी पर आया और कम कीमत में शराब मांगने लगा। मना करने पर उसने गाली-गलौज की और चला गया। इसके बाद 29 जुलाई की शाम को वह अपने दो अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल से पहुंचा और विवाद करते हुए कट्टे से जानलेवा फायर कर दिया। इस हमले में सेल्समैन बाल-बाल बच गया। पुलिस ने इस मामले में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया था।

कृष्णानंद वाटिका के पास से पकड़ाया मुख्य आरोपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा, सीएसपी संदीप बांगरे के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी मैना पटेल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी सैफ अली खान को कृष्णानंद वाटिका के पास से घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वारदात में इस्तेमाल 315 बोर की देशी अधिया उसने अपने साथी इरफान से ली थी और घटना के बाद उसे वापस लौटा दी थी। पुलिस आरोपी इरफान को पूर्व में ही एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर हथियार जप्त कर चुकी है।

अन्य आरोपी और बाल अपचारी भी हिरासत में

मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी विक्की उर्फ हृदेश मंडेलिया को पुलिस ने 17 बीघा रोड गुलाबपुरी से गिरफ्तार किया है। वहीं वारदात में शामिल एक बाल अपचारी को फक्कड़ बाबा के पास से अभिरक्षा में लिया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मैना पटेल, उपनिरीक्षक राहुल अहिरवार, प्रधान आरक्षक नरवीर राणा, जगजीत सिंह, आरक्षक सतेन्द्र तोमर, जसवीर गुर्जर, देवेन्द्र साहू और संजय गुर्जर की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *