अग्रसेन बाजार से 7 नंबर चौराहे तक चला अतिक्रमण विरोधी अभियान, फुटपाथ और सड़कों को कराया गया खाली

ग्वालियर06अगस्त2026 ग्वालियर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और आमजन को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस व नगर निगम की मदाखलत टीम द्वारा संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की गई। मुरार क्षेत्र के प्रमुख व्यापारिक मार्गों पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया।

अग्रसेन बाजार से 7 नंबर चौराहे तक अभियान

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार यातायात थाना गोला का मंदिर प्रभारी निरीक्षक अभिषेक रघुवंशी की टीम, पुलिस थाना मुरार के बल और नगर निगम मदाखलत अधिकारी शैलेंद्र सिंह चौहान, मदाखलत निरीक्षक सुघर सिंह व राघवेंद्र दीक्षित की संयुक्त टीम ने मुरार के व्यस्ततम इलाकों में कार्रवाई की। यह अभियान अग्रसेन बाजार से शुरू होकर मुरार सदर बाजार होते हुए 7 नंबर चौराहे तक चलाया गया।

हाथ ठेले, गुमटियां और फुटपाथ से हटाया सामान

कार्रवाई के दौरान सड़क और फुटपाथ पर कब्जा जमाकर यातायात को बाधित करने वाले फल-सब्जी के हाथ ठेलों को हटवाया गया। इसके साथ ही जिन दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर सड़क तक सामान रख रखा था, उन्हें हटवाकर सख्त चेतावनी दी गई। सड़क किनारे लगी अवैध अस्थायी दुकानों और गुमटियों को हटाकर पूरे मार्ग व अतिक्रमित स्थान को खाली कराया गया।

यातायात हुआ सुगम, लोगों को मिली राहत

सड़क और फुटपाथ से अतिक्रमण हटने के बाद अग्रसेन बाजार, मुरार सदर बाजार और 7 नंबर चौराहे तक सड़कों पर सुचारू यातायात बहाल हो सका। इस कार्रवाई से रोज-रोज लगने वाले जाम की समस्या में काफी सुधार हुआ, जिससे आम जनता को आवागमन में होने वाली असुविधा से मुक्ति मिली और यातायात पूरी तरह सुगम हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *