ग्वालियर17सितंबर2025।लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान के स्वास्थ्य केंद्र में आज स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जायारोग्य चिकित्सालय और जीआरएमसी ग्वालियर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में शहर में चल रही रक्त की कमी और वायरल फीवर के बढ़ते प्रकोप को ध्यान में रखते हुए छात्र-छात्राओं तथा स्टाफ ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
रक्तदान शिविर में कुल 101 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। छात्रों, प्रशिक्षकों और स्टाफ ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज सेवा में अपनी भागीदारी दिखाई। शिविर में रक्तदाता स्वयं आगे आए और स्वस्थ जीवन व सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
संस्थान के कुलसचिव प्रभारी डॉ यतेंद्र कुमार सिंह ने ब्लड बैंक टीम का स्वागत करते हुए कहा कि “रक्त की आवश्यकता किसी भी समय हो सकती है। ऐसे स्वैच्छिक रक्तदान शिविर समाज के लिए उपयोगी हैं और संस्थान भविष्य में भी समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। हम हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ अनीता आर्य ने शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “रक्तदान सबसे बड़ा दान है। इससे कई जीवन बच सकते हैं। ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ नागरिकों की भूमिका को मजबूती देने में मदद करते हैं।”
शिविर का आयोजन संस्थान के स्वास्थ्य केंद्र में किया गया, जहाँ ब्लड बैंक की टीम ने आवश्यक उपकरणों और सुरक्षा मानकों के साथ रक्त संग्रह की प्रक्रिया पूरी की। संस्थान के छात्रों ने स्वेच्छा से पंजीकरण कर रक्तदान किया।
इस आयोजन ने न केवल रक्त की आवश्यकता पूरी करने में योगदान दिया, बल्कि छात्रों में सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का भी संचार किया। संस्थान द्वारा इस तरह की पहल को लेकर भविष्य में भी समाजहित में सहयोग जारी रखने की योजना है।





