LNIPE में राष्ट्रीय वेबिनार का सफल आयोजन, देशभर के 400 प्रतिभागियों ने खेल पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर किया मंथन

ग्वालियर27नवंबर2026। लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई), ग्वालियर के खेल प्रबंधन एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा 27 नवंबर 2026 को “Role of Media in Promoting Sports from Field to Global Stage” विषय पर राष्ट्रीय वेबिनार का सफल आयोजन किया गया। ऑनलाइन माध्यम से आयोजित इस वेबिनार में देशभर से लगभग 400 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष एवं आयोजन सचिव प्रो. वाई. एस. राजपूत के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने वेबिनार के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए खेल प्रबंधन, शारीरिक शिक्षा और आधुनिक मीडिया के बीच बढ़ते समन्वय को महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर संस्थान की कुलपति प्रो. कल्पना शर्मा ने अपने उद्घाटन संबोधन में खेल पत्रकारिता के क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने वर्ष 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स को ध्यान में रखते हुए खेल पत्रकारिता में विशेष पाठ्यक्रम शुरू करने की आवश्यकता बताई। साथ ही उन्होंने नेशनल कोच एक्रेडिटेशन बोर्ड (NCAB) की स्थापना तथा खेल एवं मीडिया के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर शैक्षणिक गतिविधियों के विस्तार की जानकारी साझा की।

वेबिनार में पांच प्रतिष्ठित खेल पत्रकारों एवं मीडिया विशेषज्ञों ने अपने अनुभव और विचार साझा किए। इनमें वरिष्ठ खेल पत्रकार श्री जी. राजारामन, संपादक खेलपथ श्रीप्रकाश शुक्ला, हिंदुस्तान टाइम्स की असिस्टेंट एडिटर सुश्री श्रुति तोमर, डीडी न्यूज के पत्रकार श्री सुशील कुमार (ओझा) तथा वरिष्ठ पत्रकार एवं मीडिया शिक्षाविद् श्री जयंत सिंह तोमर शामिल रहे।

विशेषज्ञों ने खेल पत्रकारिता में प्रिंट मीडिया से डिजिटल मीडिया तक आए बदलाव, सोशल मीडिया एवं मोबाइल पत्रकारिता की भूमिका, जमीनी स्तर के खिलाड़ियों की कहानियों को सामने लाने, महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों को प्रमुखता देने तथा खेल पत्रकारिता में रोजगार की नई संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी तरुण प्रताप सिंह ने बताया कि

इंटरैक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से खेल पत्रकारिता में करियर, ग्रामीण स्तर पर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग से संबंधित प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को अपने डिजिटल पोर्टफोलियो तैयार करने और खेलों से जुड़ी वास्तविक कहानियों को जिम्मेदारी एवं तथ्यात्मक सटीकता के साथ प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।

वेबिनार के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को आधुनिक खेल पत्रकारिता, डिजिटल मीडिया के उपकरणों और व्यावसायिक अवसरों की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। कार्यक्रम के समापन पर आयोजन सचिव प्रो. वाई. एस. राजपूत ने भविष्य में भी इस प्रकार के कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। श्री शुभम सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

इस राष्ट्रीय वेबिनार ने खेल शिक्षा, खेल प्रबंधन और मीडिया के बीच संवाद एवं सहयोग को नई दिशा प्रदान की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *