जीतू पटवारी के बयानों से बिगड़ सकती है दतिया की कानून-व्यवस्था,भाजपा ने चुनाव आयोग से की शिकायत,दतिया में प्रचार पर रोक लगाने की मांग

दतिया27जुलाई2026 भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के दतिया विधानसभा उपचुनाव के दौरान दिए गए बयान को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त से लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त को सौंपी गई शिकायत में भाजपा ने आरोप लगाया है कि जीतू पटवारी ने चुनावी सभा के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और शासकीय संस्थाओं पर तथ्यहीन तथा तर्कहीन आरोप लगाए हैं। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार, भ्रामक और अत्यंत आपत्तिजनक करार देते हुए कहा कि ऐसे बयानों से न केवल मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, बल्कि शासकीय संस्थाओं की निष्पक्षता पर भी अनावश्यक सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी जताई कि जीतू पटवारी के बयान से मतदाताओं के बीच भ्रम और तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है, जिससे दतिया में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। पार्टी ने कहा कि यह बयान आदर्श आचार संहिता की भावना के सर्वथा विपरीत है और निष्पक्ष चुनावी माहौल को प्रभावित करने वाला है। भाजपा ने निर्वाचन आयोग से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कराकर आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएं। साथ ही चुनाव प्रचार की शेष अवधि के लिए जीतू पटवारी के दतिया विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश और प्रचार करने पर तुरंत प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि क्षेत्र के नागरिक निर्भय और शांतिपूर्ण वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *