अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवसःकैंसर से जंग लड़ते हुए भी मरीजों की सेवा में समर्पित नर्सिंग ऑफिसर्स का हुआ विशेष सम्मान…नर्सिंग सेवा केवल पेशा नहीं, मानवता का सबसे बड़ा धर्म: डीन डॉ. धाकड़

ग्वालियर12मई2026।गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जयारोग्य अस्पताल समूह के हजार बिस्तर अस्पताल स्थित ऑडिटोरियम हॉल में अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन नर्सिंग ऑफिसर्स को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जो स्वयं कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से संघर्ष करते हुए भी पूरी निष्ठा के साथ मरीजों की सेवा में जुटी हैं। उनके इस अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा की कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

नर्सिंग सेवा मानवता का सबसे बड़ा धर्म: डॉ. धाकड़

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आर.के.एस धाकड़ ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सिंग सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा और धर्म है। डॉ. धाकड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि जिस तरह फ्लोरेंस नाइटिंगेल ने युद्ध की विभीषिका के बीच बिना सुविधाओं के हाथ में लैम्प लेकर घायल सैनिकों की सेवा की थी, वही सेवा भाव आज नर्सिंग जगत की पहचान है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘वर्क इज वर्शिप’ यानी कर्म ही पूजा है, और यह भावना नर्सिंग ऑफिसर्स के कार्यों में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। व्यक्ति की पहचान उसके पद से नहीं बल्कि उसके द्वारा किए गए सेवा कार्यों से होती है।

कैंसर से जंग और सेवा का जज्बा सम्मानित

विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद जयारोग्य अस्पताल समूह के अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की अधीक्षक डॉ. नीलिमा टंडन ने भी नर्सिंग स्टाफ के समर्पण को सराहा। डॉ. सुधीर सक्सेना के मुताबिक, गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों का सामना करने के बावजूद मरीजों की मुस्कान के लिए समर्पित रहना नर्सिंग सेवा की महानता को दर्शाता है। कार्यक्रम में उन योद्धा नर्सिंग ऑफिसर्स का सम्मान एक भावुक और प्रेरणादायक क्षण रहा, जो अपनी व्यक्तिगत पीड़ा को भुलाकर दूसरों के दुखों को दूर कर रही हैं।

चिकित्सा जगत से जुडे इन लोगों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम का संचालन नर्सिंग अध्यक्ष ओमश्री यादव द्वारा किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर डॉ. जितेंद्र अग्रवाल, सहायक अधीक्षक डॉ. हितेंद्र यादव, प्रभारी प्राचार्य अर्चना जोशी और नीतू पाठक सहित बड़ी संख्या में नर्सिंग ऑफिसर्स और चिकित्सा कर्मी मौजूद रहे। सभी ने नर्सिंग जगत की संस्थापक फ्लोरेंस नाइटिंगेल के पदचिन्हों पर चलते हुए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *