ग्वालियर 02 नवंबर 2026 ग्वालियर विकास प्राधिकरण के राजस्व में वृद्धि कर संस्था को आर्थिक रूप से और सुदृढ़ किए जाने की दृष्टि से शताब्दीपुरम योजना के हेल्थ एवं एजुकेशन सेंटर्स के भूखंडों का शीघ्र विक्रय किया जाएगा। प्राधिकरण अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया और मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनीशा श्रीवास्तव ने आज पूर्वान्ह योजना का संयुक्त निरीक्षण कर यह निर्देश दिए।
योजना में प्राधिकरण के हेल्थ एवं एजुकेशन प्रयोजन के पृथक-पृथक आकार के भूखंड उपलब्ध हैं, जिनके निवर्तन (बिक्री) हेतु आज रूपरेखा तैयार की गई। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने इस बात पर विशेष बल दिया कि योजना में जनोपयोगी दृष्टि से आगामी प्लानिंग की जाए। इसके साथ ही, उन्होंने योजना स्थल पर नवीन आवासीय एवं व्यावसायिक परियोजनाएं शुरू करने के लिए भी भूखंडों का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने साप्ताहिक हाट और जनसुविधाओं के लिए आरक्षित भूखंडों का भी मुआयना किया और निर्धारित उद्देश्यों के तहत वहां बेहतर विकास कार्य कराने पर विचार-विमर्श किया।
योजना के कुछ भूखंडों पर अतिक्रमण पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्हें तत्काल हटाने और आवश्यकता पड़ने पर जिला प्रशासन व पुलिस का सहयोग लेने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। वहीं, निरीक्षण के दौरान योजना शाखा के कर्मचारियों की अनुपस्थिति मिलने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इस निरीक्षण के दौरान प्रभारी कार्यपालन यंत्री देवेंद्र गुप्ता, सहायक यंत्री सुनील शुक्ला, संपदा अधिकारी विकास भदोरिया, भू अर्जन अधिकारी बृजेश शर्मा, योजना के उपयंत्री आलोक नायक, अनिल बंसल सहित पूरा तकनीकी अमला मौजूद रहा।





