ग्वालियर: थाना कम्पू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1000 बिस्तर अस्पताल से स्प्लेंडर चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार; 16 आपराधिक मामले हैं दर्ज

ग्वालियर 02 नवंबर 2026 शहर के 1000 बिस्तर अस्पताल की पार्किंग से मोटरसाइकिल चुराने वाले एक शातिर चोर को थाना कम्पू पुलिस ने धरदबोचा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। खास बात यह है कि पकड़ा गया आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में डकैती की तैयारी, चोरी और नकबजनी के 16 पुराने मामले दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फरियादी नंदकिशोर बंजारा निवासी ग्राम खैरोना (शिवपुरी) ने कम्पू थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी का इलाज 1000 बिस्तर अस्पताल में चल रहा है। गत 31 अक्टूबर की रात उन्होंने अपनी ब्लैक कलर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक MP33-ZC-0201) अस्पताल की पार्किंग में खड़ी की थी, जो अगली सुबह नदारद मिली। अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की थी।

विवेचना के दौरान थाना प्रभारी कम्पू अतुल सिंह सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को मजबूत किया। इसी कड़ी में पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति कमला राजा अस्पताल के पास चोरी की मोटरसाइकिल के साथ खड़ा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी सफीक उर्फ गोलू खान पुत्र रफीक खान (निवासी अबाड़पुरा, कम्पू) को दबोच लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अस्पताल की पार्किंग से गाड़ी चुराना स्वीकार कर लिया।

अपराधों का लंबा इतिहास: पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सफीक बेहद शातिर वाहन चोर है। उसके खिलाफ बहोड़ापुर थाने में 6, विश्वविद्यालय थाने में 5, झांसी रोड थाने में 2, और इंदरगंज, गोला का मंदिर व जनकगंज थाने में 1-1 अपराध सहित कुल 16 गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।

कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका: इस पूरी सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल सिंह सोलंकी, उपनिरीक्षक रुद्र पाठक, प्रधान आरक्षक राजेश तोमर, प्रधान आरक्षक संदीप शर्मा, आरक्षक जयंत पटले और आरक्षक प्रदीप कोठारी की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *