घटनास्थल से ही ऑनलाइन होगी ई-विवेचना की कार्यवाही, ग्वालियर में आईजी ने बांटे 650 ई-टैबलेट

ग्वालियर27जून2026। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा पुलिस विभाग को आधुनिक, तकनीक-सक्षम और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम उठाया गया है। ई-विवेचना प्रणाली को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने के लिए प्रदेश के विवेचना अधिकारियों को हाईटेक ई-टैबलेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्वालियर जिले के विवेचना अधिकारियों के लिए अब तक कुल 650 ई-विवेचना टैबलेट प्रदाय किए जा चुके हैं। शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम के सभागार में आयोजित एक विशेष प्रशिक्षण एवं वितरण कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ग्वालियर जोन अरविंद कुमार सक्सेना ने जिले के समस्त सीएसपी, एसडीओपी, थाना प्रभारियों और थानों के विवेचना अधिकारियों को इन टैबलेट्स का वितरण किया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ग्वालियर धर्मवीर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमन गुर्जर, जयराज कुबेर और डॉ. शिवेश सिंह बघेल सहित जिले के तमाम वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

तकनीक आधारित विवेचना से बढ़ेगी पारदर्शिता और गुणवत्ता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजी अरविंद कुमार सक्सेना ने स्पष्ट किया कि वर्तमान दौर में अपराधों की प्रकृति बदल रही है, इसलिए विवेचना में आधुनिक तकनीक का समावेश बेहद जरूरी हो गया है। इस नई ई-विवेचना प्रणाली के माध्यम से पुलिस के सभी जांच कार्य अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरे किए जा सकेंगे। टैबलेट की मदद से विवेचना अधिकारी अब सीधे घटनास्थल पर पहुंचकर ही जरूरी जानकारियां दर्ज कर सकेंगे, दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे और केस डायरी को डिजिटल रूप दे सकेंगे। इससे न केवल कागजी कार्यवाही में कमी आएगी और समय की बचत होगी, बल्कि न्यायालयीन प्रक्रिया के लिए भी सभी साक्ष्यों और दस्तावेजों का बेहद सुव्यवस्थित और सुरक्षित संधारण सुनिश्चित हो सकेगा। आईजी ने सभी पर्यवेक्षी अधिकारियों को थानों में इस डिजिटल प्रणाली के उपयोग की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

डिजिटल पुलिसिंग से पीड़ितों को मिलेगा त्वरित न्याय

एसएसपी धर्मवीर सिंह ने भी बदलते समय के साथ पुलिसिंग को आधुनिक बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक का यह प्रभावी उपयोग विवेचना की गुणवत्ता और गति को कई गुना बढ़ा देगा, जिससे अंततः पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सकेगा। अब किसी भी मामले में अनावश्यक विलंब नहीं होगा क्योंकि घटनास्थल से ही फोटो, वीडियो और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य सीधे सर्वर पर रियल-टाइम में अपडेट कर दिए जाएंगे।

अधिकारियों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण

टैबलेट वितरण के साथ ही पुलिस अधिकारियों को इसके प्रभावी संचालन के लिए तैयार भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान सीसीटीएनएस शाखा के तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा सभी थाना प्रभारियों और विवेचकों को ई-विवेचना एप्लीकेशन के उपयोग, डिजिटल दस्तावेज प्रबंधन और ऑनलाइन प्रविष्टियों के संबंध में व्यावहारिक और विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया ताकि पूरी कार्यप्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह और सुदृढ़ बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *