ग्वालियर। 04 नवंबर 2026। श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के पदाधिकारियों एवं मेला व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र भदकारिया के नेतृत्व में मेला प्राधिकरण मुख्यालय पहुंचे व्यापारियों ने आरटीओ टैक्स में छूट की प्रक्रिया समय से शुरू करने, ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने, मेले का आयोजन 20 दिसंबर से ही करने और परिसर से अवैध कब्जे हटाकर सफाई कराने की प्रमुख मांगें रखीं। मेला प्राधिकरण अध्यक्ष अशोक जादौन ने व्यापारियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुनकर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
20 दिसंबर से 20 फरवरी तक ही लगे मेला, 25 को हो शुभारंभ
व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र भदकारिया ने कहा कि मेले की तय व्यवस्थाओं और परंपरा के अनुसार इसका आयोजन 20 दिसंबर से 20 फरवरी तक ही रखा जाए। हाल ही में मेला प्राधिकरण सचिव द्वारा 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक आयोजन की बात कही गई है, जिससे व्यापारी असहमत हैं क्योंकि इस अवधि में वे देश के अन्य मेलों में व्यस्त रहते हैं। संघ ने मांग की कि मेले का विधिवत शुभारंभ 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर ही किया जाए।
आरटीओ टैक्स छूट की अधिसूचना में न हो देरी
प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि मेले में वाहनों की बिक्री पर मिलने वाली आरटीओ टैक्स छूट की प्रक्रिया अभी से शुरू की जाए ताकि समय पर गजट नोटिफिकेशन जारी हो सके। अधिसूचना में देरी से ऑटोमोबाइल कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ता है। इसके अलावा, किराए और बिजली के नाम पर अतिरिक्त प्रभार न लेने तथा स्वदेशी मेले की तर्ज पर वार्षिक मेले के दुकानदारों को भी किराए में रियायत देने की अपील की गई।
अवैध कब्जे हटाने और ऑनलाइन तिथि 30 नवंबर करने की मांग
व्यापारियों ने अंतरराष्ट्रीय साख वाले इस मेले की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने और सेक्टरों में सफाई अभियान चलाने पर जोर दिया। साथ ही दुकान आवंटन के लिए ऑनलाइन आवेदन व किराया जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर करने का अनुरोध किया। झूला और मनोरंजन सेक्टर में सड़कों पर लगने वाले अवैध ठेलों और फड़ों को हॉकर्स जोन में शिफ्ट करने की कार्ययोजना बनाने की भी मांग की गई ताकि ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।
वरिष्ठ नेतृत्व और प्रशासन को भी भेजे गए ज्ञापन
मेला अध्यक्ष अशोक जादौन ने सभी बिंदुओं पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाते हुए कहा कि मेला प्राधिकरण व्यापारियों को सुगम माहौल और राहत प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान महेश मुद्गल, अनिल पुनियानी, उमेश उप्पल, जगदीश उपाध्याय, अनुज गुर्जर, पंकज भदौरिया और हरिकांत समाधिया सहित कई वरिष्ठ व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारी संघ ने इन मांगों के संबंध में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप, मेला उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह, कलेक्टर रुचिका चौहान और मेला सचिव सुनील त्रिपाठी को भी ज्ञापन प्रेषित किए हैं।





