ग्वालियर। 05 नवंबर 2026। भितरवार थाना क्षेत्र में हुई बड़ी नकबजनी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की इस घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वाले एक अन्य व्यक्ति को भी धर दबोचा है। आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लाख 40 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।
गेहूं की टंकी का कुंदा तोड़कर ले गए थे जेवर
फरियादी ज्ञानीभूषण पाठक निवासी वार्ड क्र. 02 भितरवार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर में कमरे के अंदर रखी गेहूं की टंकी का कुंदा तोड़कर उसमें श्रृंगार पेटी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए हैं। इस शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ाया मुख्य आरोपी
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि प्रकरण में संदेही ताज खान गोलेश्वर मंदिर के पास घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और भागने का प्रयास कर रहे संदेही को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम ताज खान पुत्र हसेन खान निवासी वार्ड क्र. 04 लोहपीठा कॉलोनी भितरवार बताया और वारदात को स्वीकार किया।
घर से बरामद हुए 12 लाख के आभूषण
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से सोने की चार चूड़ियां, एक बड़ा हार, कानों के बाले, बेंदा, लेडीज अंगूठियां, छोटी नथ और चांदी की पायल सहित कुल करीब 12 लाख रुपये के आभूषण विधिवत जब्त किए।
चोरी की अंगूठी खरीदने वाला खरीदार गिरफ्तार
आरोपी से पूछताछ में यह भी सामने आया कि उसने चोरी की एक सोने की जेंट्स अंगूठी अविनाश वाल्मीक निवासी वार्ड क्र. 07 जाटव मोहल्ला मोहना को 8 हजार रुपये में बेची थी। इस पर पुलिस ने खरीदार अविनाश वाल्मीक के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने यह जानते हुए भी कि अंगूठी चोरी की है, उसे कम कीमत में खरीदना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके घर से करीब 40 हजार रुपये कीमत की वह सोने की अंगूठी भी बरामद कर ली है।
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह कुशवाह, सहायक उपनिरीक्षक अवतार सिंह राजपूत, आरक्षक अशोक लोधी, आरक्षक हरिमोहन, आरक्षक आशीष रजक, आरक्षक धर्मेन्द्र बघेल और आरक्षक चालक राघवेन्द्र सिंह राजावत की सराहनीय भूमिका रही।





