मेयर इन काउंसिल की बैठक में शहर विकास के प्रस्तावों पर मुहर: 1700 सफाई कर्मियों की होगी तैनाती, कर्मचारियों का बढ़ा महंगाई भत्ता

ग्वालियर05मई2026। महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार की अध्यक्षता में मंगलवार को बाल भवन स्थित टीएलसी में मेयर इन काउंसिल (MiC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की स्वच्छता, बुनियादी ढांचे और कर्मचारी हितों से जुड़े कई अहम फैसलों को मंजूरी दी गई। इस अवसर पर निगमायुक्त संघ प्रिय सहित एमआईसी सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

स्वच्छता व्यवस्था होगी मजबूत: 1700 सफाई कर्मियों के लिए नई निविदा

शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एमआईसी ने बड़ा निर्णय लिया है। नगर निगम के विभिन्न क्षेत्रीय कार्यालयों और विभागों के लिए अब कुल 1700 आउटसोर्स सफाई श्रमिकों की सेवाएं ली जाएंगी। इसमें पूर्व स्वीकृत 1379 पदों के साथ 321 नवीन अकुशल श्रमिकों को जोड़ा गया है। इसके लिए नई निविदा आमंत्रित करने और उस पर होने वाले व्यय को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

नगर निगम कर्मचारियों को मिली सौगात

बैठक में कर्मचारियों के हित में निर्णय लेते हुए छठवें वेतनमान में कार्यरत शासकीय सेवकों के महंगाई भत्ते (DA) में वृद्धि के प्रस्ताव की पुष्टि की गई। इससे नगर निगम के सैकड़ों कर्मचारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा।

विकास कार्यों और जनसुविधाओं पर फैसले:

  • अधोसंरचना विकास: मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के तहत 453.31 लाख रुपये की लागत वाले 15 विकास कार्यों को वित्तीय स्वीकृति दी गई।
  • सार्वजनिक शौचालय: वार्ड क्रमांक 64 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में सीएसआर मद के माध्यम से सार्वजनिक शौचालय के निर्माण, संचालन और संधारण के प्रस्ताव को मंजूरी मिली।
  • पगोडा रेस्टोरेंट: मांडरे की माता स्थित पगोडा रेस्टोरेंट को निर्धारित शर्तों पर 10 वर्ष के लिए मासिक लाइसेंस शुल्क पर आवंटित करने की स्वीकृति दी गई।

विज्ञापन निविदाओं पर पुनर्विचार

नगर निगम की विज्ञापन शाखा के अंतर्गत गैंट्री पैकेज (जी-01 और जी-02) के 10 वर्षीय एडवरटाइजमेंट राइट्स को लेकर आए निविदा प्रस्तावों पर सदस्यों ने विस्तृत चर्चा की। सदस्यों के सुझावों के आधार पर इन प्रस्तावों को फिलहाल वापस कर दिया गया है।

बैठक में उपस्थिति: बैठक में एमआईसी सदस्य अवधेश कौरव, नाथूराम ठेकेदार, गायत्री सुधीर मंडेलिया, प्रेमलता धर्मेन्द्र जैन, संध्या सोनू कुशवाह, अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव, प्रदीप तोमर और मुनीष सिंह सिकरवार सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *