ग्वालियरःअस्पतालों के चक्कर से मिलेगी मुक्ति: प्रसूता को डिस्चार्ज से पहले बेड पर ही मिलेगा बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र

ग्वालियर, 25 नवंबर 2026। नवजात शिशुओं के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अब परिजनों को अस्पतालों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। कलेक्टर रुचिका चौहान ने प्रसूता के अस्पताल से डिस्चार्ज होने के समय ही परिजनों को जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. एमएस सागर ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य आमजन को अनावश्यक परेशानी से बचाना है।

कलेक्टर के निर्देशों के पालन में बुधवार सुबह 10 बजे संयुक्त कलेक्टर शिवांगी अग्रवाल और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन जैन ने जिला चिकित्सालय मुरार (जच्चाखाना) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं के रजिस्ट्रेशन काउंटर, एडमिशन काउंटर, वार्ड और ऑपरेशन थिएटर (OT) कक्ष की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया व आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान दिए गए प्रमुख निर्देश:

  • बेड पर ही मिले प्रमाण पत्र: डिलीवरी के बाद सभी प्रसूताओं को अस्पताल से डिस्चार्ज करने से पहले उनके बेड पर ही जन्म प्रमाण पत्र सौंपना शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए।
  • दस्तावेजों की जानकारी के लगें बैनर: ओपीडी, रजिस्ट्रेशन काउंटर, एडमिशन काउंटर और वार्ड (डिस्चार्ज काउंटर) पर जन्म प्रमाण पत्र के लिए जरूरी दस्तावेजों की सूची वाले फ्लेक्स बैनर लगाए जाएं, ताकि परिजनों को पहले से पूरी जानकारी रहे।
  • पोर्टल और फॉर्म की विसंगति दूर हो: जन्म प्रमाण पत्र पोर्टल पर दर्ज की जाने वाली कुछ जानकारियों का कॉलम फॉर्म नंबर-14 में उपलब्ध नहीं है। इस तकनीकी विसंगति को दूर करने के लिए सांख्यिकी विभाग को पत्र लिखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. सीमा जायसवाल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन जैन, लेबर रूम इंचार्ज डॉ. स्वतंत्र शंखवार, मेट्रन इंचार्ज खुशबू तिवारी सहित अस्पताल का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *