ग्वालियर, 25 नवंबर 2026। घर में अकेली 12 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ गलत नीयत से छेड़खानी और अश्लील हरकत करने वाले आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर भितरवार से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से शिवपुरी जिले के करैरा क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर को 12 वर्षीय बालिका अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 25 नवंबर की शाम उसकी मां कुछ देर के लिए पड़ोस में गई थीं। इसी दौरान जान-पहचान का अरविंद रावत पुत्र राजबहादुर (निवासी ग्राम आंडर, करैरा, जिला शिवपुरी) पानी मांगने के बहाने घर आया और बाथरूम जाने का बहाना बनाकर कमरे में घुस गया। आरोप है कि उसने बालिका को पीछे से पकड़कर अश्लील हरकत शुरू कर दी। बालिका के चिल्लाने पर उसके भाई-बहन मौके पर आ गए, जिन्हें देख आरोपी मौके से भाग निकला।
पीड़िता के आवेदन पर थाना अजाक ग्वालियर में आरोपी अरविंद रावत के विरुद्ध अपराध क्रमांक 06/26 के तहत बीएनएस की धारा 74, 75(2), पॉक्सो एक्ट की धारा 7, 8 और एससी/एसटी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
24 घंटे में हुई गिरफ्तारी मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अजाक प्रभारी निरीक्षक कीर्ति अजमेरिया और थाना भितरवार प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह कुशवाह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने 25 नवंबर को ही आरोपी को भितरवार क्षेत्र से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी को पकड़ने में अजाक थाना और भितरवार थाना की पुलिस टीम के प्रआर. प्रमोद त्रिपाठी, प्रआर. जितेन्द्र कुशवाह, मआर. दीपा, मआर. सपना, आर. गोविंद, आर. योगेन्द्र, उनि. मुकेश, प्रआर. विनोद और आर. हरिओम की भूमिका रही।





