मालनपुर26जून2026। अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर जन पंचायत गोहद, नशा मुक्ति केंद्र मालनपुर एवं ब्रह्माकुमारीज संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को नशे की कुरीतियों से बचाना और एक स्वस्थ, व्यसन मुक्त राष्ट्र का निर्माण करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जनपद पंचायत गोहद के सीईओ रामपाल बघेल ने नशा मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए अपना ओजस्वी वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि हमें देश को नशा मुक्त बनाने के लिए सरकार के साथ कंधे से कंधा और कदम से कदम मिलाकर कार्य करना होगा। इसके लिए हमें स्वयं संकल्प लेना है और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना है, तभी हम सब मिलकर भारत को नशा मुक्ति की ओर ले जा सकेंगे।
अध्यात्म और योग से दूर होने पर भटकता है इंसान
कार्यक्रम के दौरान मालनपुर ब्रह्माकुमारी संस्थान की संचालिका ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन ने उपस्थित सभी गणमान्य अधिकारियों और नागरिकों को संबोधित करते हुए जनमानस के लिए अध्यात्म और योग का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि यदि मानव जीवन सकारात्मक चिंतन और अध्यात्म से दूर रहता है, तो निश्चित ही वह गलत राहों पर चला जाता है और नशे जैसी बुराइयों का शिकार हो जाता है। इसलिए हर मनुष्य को अध्यात्म के प्रति जागृत करना बेहद जरूरी है, जिससे मानव जीवन पूरी तरह से तनाव मुक्त, क्रोध मुक्त और व्यसन मुक्त बन सके।
नशा मुक्ति केंद्र के प्रयासों की सराहना
इस मौके पर नशा मुक्ति केंद्र मालनपुर से पधारे वेद प्रकाश परमार ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने केंद्र के कार्यों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि हमारे केंद्र में नशे की लत से गंभीर रूप से पीड़ित लोग आते हैं और काउंसलिंग व सही उपचार के बाद नशे से पूरी तरह मुक्त होकर सम्मानजनक जीवन जीने घर जाते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज के हर वर्ग को इस प्रकार के प्रयास करने चाहिए और लोगों को नशा मुक्त बनाने में अपना पूरा-पूरा सहयोग देना चाहिए।
रैली निकालकर नगरवासियों को किया जागरूक
इस गरिमामयी कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें सुरेंद्र सिंह, बेणीराम सागर, सत्यवान गुर्जर, मनोज तथा स्वच्छता अधिकारी रितु आदि प्रमुख रूप से शामिल थे। कार्यक्रम के अंतिम चरण में ब्रह्माकुमार महेश भाई ने उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और ‘नशा मुक्त भारत’ के गगनभेदी नारे लगवाए। इसके बाद सभी उपस्थित जनों और संस्था के सदस्यों ने मिलकर नगर में एक भव्य जागरूकता रैली निकाली, जिसके माध्यम से स्थानीय लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक रहने का संदेश दिया गया।





