पप्पू चौहान के घर डकैती डालने की थी तैयारी; पुरानी छावनी पुलिस ने हथियारों के साथ पकड़े अंतरराज्यीय बदमाश

ग्वालियर05मई2026। शहर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत जलालपुर के जंगलों में बैठकर डकैती की योजना बना रहे आधा दर्जन बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कट्टे और छुरों के साथ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पकड़े गए बदमाशों में उत्तर प्रदेश के दो शातिर अपराधी भी शामिल हैं, जो यहां स्थानीय साथियों के साथ मिलकर एक बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले थे।

आधी रात को जंगल में पुलिस का छापा

4 मई की रात पुरानी छावनी पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि कंजर डेरा के सामने जलालपुर के जंगल में कुछ संदिग्ध हथियार लेकर बैठे हैं। सूचना मिलते प्रभारी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने जंगल में अपनी लोकेशन छिपाते हुए बदमाशों को घेरा। झाड़ियों की ओट से पुलिस ने सुना कि बदमाश आपस में जलालपुर निवासी पप्पू चौहान के घर डकैती डालने और वहां रखे माल को साफ करने की चर्चा कर रहे थे। पुख्ता जानकारी मिलते ही पुलिस ने चारों तरफ से दबिश देकर मौके से छह बदमाशों को दबोच लिया।

अर्टिका कार से आए थे बदमाश, स्थानीय साथियों ने की मदद

गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान टेनीराम उर्फ टीटू लोधी (अलीगढ़), कौशल कुमार उपाध्याय (बधायुं), अयान मोहम्मद (मोतीझील), सचिन सिंह तोमर (बहोड़ापुर), अंशुल त्यागी (हजीरा) और आमिर उर्फ लालू खान (पुरानी छावनी) के रूप में हुई है।

पूछताछ में एक सनसनीखेज खुलासा हुआ कि अर्पित यादव और रहमान खान नामक दो अन्य आरोपी इन्हें एक अर्टिका कार (MP07-AF-4878) से जंगल में छोड़कर गए थे। आरोपी पप्पू चौहान के घर की पूरी रेकी कर चुके थे और सही समय का इंतजार कर रहे थे। पुलिस अब इन फरार आरोपियों और कार की तलाश में जुट गई है।

हथियारों का जखीरा बरामद

तलाशी के दौरान बदमाशों के पास से जानलेवा हथियारों का जखीरा मिला है:

  • अंशुल त्यागी, लालू खान और टेनीराम: प्रत्येक से एक-एक 315 बोर का देशी कट्टा और जिंदा कारतूस।
  • अयान मोहम्मद और सचिन तोमर: इनके पास से धारदार लोहे के छुरें बरामद हुए।
  • कौशल कुमार: इसके पास से अतिरिक्त कारतूस मिले।
  • पुलिस ने इनके पास से कुल 05 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनसे इनके नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।

इन धाराओं में मामला दर्ज

पुरानी छावनी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 173/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4), 310(5), आर्म्स एक्ट की धारा 25/27, 25(2) और एमपीडीपीके एक्ट की धारा 11/13 के तहत मामला दर्ज किया है।

सराहनीय टीम: इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक प्रदीप कुमार, अनिल जाट, सउनि पूरन सिंह गुर्जर, प्रआर. कमल वर्मा, मुकेश यादव, आरक्षक अरविन्द पुरी, शिवशंकर राठौर, विक्रम तोमर, अरविन्द्र यादव, के.पी.यादव, शुभम राठौर और चालक दामोदर की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब पकड़े गए आरोपियों से उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के बारे में पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *