सुचारू बिजली आपूर्ति के लिए सख्ती : 24×7 फोन पर उपलब्ध रहेंगे बिजलीकर्मी,मुख्यालय छोड़ने पर होगी कार्रवाई

भोपाल, 24 सितंबर 2025।मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अपने सभी कार्मिकों पर सख्ती दिखाई है। कंपनी ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि कार्मिक अपने-अपने मुख्यालय पर निवासरत रहें और 24 घंटे मोबाइल फोन चालू रखें।

कंपनी का मानना है कि प्राकृतिक आपदाओं या अन्य कारणों से बिजली आपूर्ति बाधित होने पर कर्मचारी के मुख्यालय पर मौजूद न रहने से उपभोक्ताओं को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नियमित, संविदा और सेवा प्रदाता सभी कर्मचारियों को यह आदेश लागू होगा।

अब सभी कार्मिकों को 24×7 ड्यूटी अलर्ट मोड पर रहना होगा। वे ड्यूटी समाप्ति के बाद भी मुख्यालय नहीं छोड़ पाएंगे। छुट्टी या अवकाश के दौरान भी फोन बंद करना मान्य नहीं होगा। यदि किसी कारणवश मोबाइल बंद करना पड़े तो उन्हें तुरंत अपने नियंत्रणकर्ता अधिकारी को इसकी सूचना देनी होगी।

कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों को स्वयं की उपस्थिति और मुख्यालय पर निवास का स्वप्रमाणित घोषणा पत्र अपने वरिष्ठ अधिकारी को देना होगा। वरिष्ठ अधिकारी इसकी पुष्टि कर कंपनी मुख्यालय को भेजेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *