शहडोल14अप्रैल2026 शहडोल जिले की देवलोंद पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए एक ट्रक सहित 36 मवेशियों को जप्त किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को अभिरक्षा में लिया है, जो मवेशियों को क्रूरतापूर्वक ट्रक में भरकर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे।
घेराबंदी कर पकड़ा ट्रक
थाना प्रभारी सुभाष दुबे को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक MP 53 ZG 7842 में अवैध रूप से भैंस एवं पड़वा लोड कर ब्यौहारी से फतेहपुर (उ.प्र.) ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल ग्राम चंदोला फॉरेस्ट बैरियर के पास घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
अमानवीय तरीके से भरे थे मवेशी
जब पुलिस ने ट्रक की जांच की, तो उसमें 13 भैंस और 23 पड़वा अमानवीय तरीके से ठूस-ठूस कर भरे हुए पाए गए। भूख और प्यास से व्याकुल इन मवेशियों के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या परमिट चालक और उसके साथी के पास नहीं मिला।
आरोपियों पर कानूनी शिकंजा
पकड़े गए आरोपियों की पहचान वाहिददीन अंसारी (37 वर्ष) और इल्ताक खान (28 वर्ष) निवासी जिला सीधी के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर कार्यवाही करते हुए ट्रक और मवेशियों को जप्त किया है, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 19,70,000 रुपये आंकी गई है।
गौशाला भेजे गए मवेशी
आरोपियों के विरुद्ध पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। जप्त किए गए सभी 36 मवेशियों को सुरक्षित रखरखाव और उपचार हेतु तीर्थ गौशाला समिति बाणसागर के सुपुर्द कर दिया गया है।
सराहनीय भूमिका: इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी सुभाष दुबे के नेतृत्व में सउनि इन्द्रलाल पुरी, आरक्षक अभिषेक तिवारी, आदित्य सिंह, ओमप्रसाद तिवारी और चित्रांशु शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





