शराब माफिया के खिलाफ निडरता और सख्ती से कार्रवाई करे पुलिस: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मप्र पुलिस अकादमी भौंरी में 12 करोड़ से बनेगा ऑडिटोरियम, 48 उप-पुलिस अधीक्षकों की हुई दीक्षांत परेड

भोपाल3नवंबर2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी, भौंरी के परेड ग्राउंड में आयोजित 44वें एवं 45वें बैच के उप पुलिस अधीक्षकों के दीक्षांत परेड समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने युवा पुलिस अधिकारियों से आह्वान किया कि वे सोशल मीडिया पर रील बनाने के बजाय आम नागरिकों की वास्तविक समस्याओं (रियल प्रॉब्लम) को सुलझाने पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी गरीबों, महिलाओं और बच्चों की मदद के लिए देवदूत की तरह कार्य करें ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग में उनका सम्मान हो।

दीक्षांत परेड समारोह में राष्ट्रीय निशान टोली के आगमन के साथ पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया, जिसके बाद प्रशिक्षु अधिकारियों ने परेड मार्च किया। मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली और श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु अधिकारियों को पुरस्कृत किया।

शराब माफिया के खिलाफ कड़े निर्देश और वर्ष 2029 तक नशा मुक्त प्रदेश का लक्ष्य

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश ने पूर्व में दस्यु समस्या का उन्मूलन किया और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुसार निर्धारित समय से पहले प्रदेश को नक्सल मुक्त बनाकर देश में कीर्तिमान स्थापित किया है। अब राज्य सरकार ने वर्ष 2029 तक प्रदेश को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने अवैध शराब के कारोबार और शराब माफिया के खिलाफ निडर होकर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यह भी दोहराया कि सरकार बलिदानी पुलिसकर्मियों के योगदान और साहस को सदैव याद रखेगी।

पुलिस अकादमी के लिए 12 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों की घोषणा

प्रशिक्षण सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने पुलिस अकादमी भौंरी में 12 करोड़ रुपये की लागत से ऑडिटोरियम बनाने, विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने और 1 किलोमीटर लंबी एप्रोच रोड के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने पुलिस बल में चल रही भर्तियों की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 3 वर्षों में 17,710 पदों पर भर्तियां की जा चुकी हैं और कुल 22,500 पदों पर भर्ती का लक्ष्य रखा गया है।

48 डीएसपी पास आउट, 20 महिला अधिकारी शामिल

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने बताया कि भौंरी अकादमी से 48 उप-पुलिस अधीक्षकों ने प्रशिक्षण पूर्ण किया है, जिनमें 20 महिला अधिकारी शामिल हैं। पहली बार रेडियो संवर्ग के डीएसपी स्तर के अधिकारियों को भी प्रशिक्षित किया गया है, जो साइबर अपराधों से निपटने में मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस की असली शक्ति वर्दी या अधिकार नहीं, बल्कि जनता का विश्वास है जिसे निष्पक्ष कार्रवाई से अर्जित किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *