ग्वालियर की तर्ज पर अब भोपाल में भी कलर कोडिंग के साथ संचालित होंगे ई-रिक्शा

ग्वालियर मॉडल को भोपाल ने भी अपनाया

ग्वालियर 14 जून 2025/ शहर के यातायात को सुगम और व्यवस्थित संचालन करने के लिये कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की पहल पर ग्वालियर ई-रिक्शा को कलर कोडिंग के साथ संचालित करने की योजना से शहर का यातायात व्यवस्थित हुआ है। साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों के साथ-साथ अब आंतरिक मार्ग पर भी नागरिकों को सहजता से परिवहन की सुविधा उपलब्ध होने लगी है। ग्वालियर में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा ई-रिक्शा के संचालन में कलर कोडिंग के नवाचार को न केवल सराहना मिली है बल्कि प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी प्रशासन द्वारा इसे अपनाते हुए ई-रिक्शा का संचालन कलर कोडिंग के माध्यम से करने का निर्णय लिया गया है। अब प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी ग्वालियर मॉडल पर ही ई-रिक्शा का संचालन प्रारंभ किया जा रहा है।
ग्वालियर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के नेतृत्व में ग्वालियर में ई-रिक्शाओं के पंजीयन के पश्चात उन्हें नीली व पीली पट्टी से कलर कोडिंग कर दो शिफ्टों में संचालन प्रारंभ किया गया है। जिसके माध्यम से आमजनों को बेहतर यातायात सुविधायें उपलब्ध हो रही हैं। ग्वालियर में लागू की गई नई व्यवस्था का पालन हो, इसके लिये प्रशासन एवं पुलिस के माध्यम से निरंतर मॉनीटरिंग भी की जा रही है। पुलिस प्रशासन की ओर से कलर कोडिंग का उल्लंघन करने पर दण्डात्मक कार्रवाई भी निरंतर हो रही है, जिसके कारण निर्धारित मार्ग पर निर्धारित कलर कोडिंग की ई-रिक्शा ही संचालित होती है। जिससे यातायात में किसी प्रकार की कोई रुकावट नहीं हो रही है। ग्वालियर की तर्ज पर ही अब भोपाल में भी ई-रिक्शा का संचालन स्थानीय प्रशासन द्वारा करने का निर्णय लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *