OPD समय के दौरान कोई भी कंसलटेंट राउंड पर न जाए-डीन डॉ.धाकड़

ग्वालियर, 23 सितंबर 2025।गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय (जीआरएमसी) के अधिष्ठाता डॉ. आर.के.एस. धाकड़ ने मंगलवार सुबह 10:30 बजे जयरोग्य चिकित्सालय समूह के हजार बिस्तर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को समय पर और बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया।

सबसे पहले सर्जरी और ईएनटी विभाग की ओपीडी का जायजा लिया, जहां सभी वरिष्ठ कंसलटेंट समय पर उपस्थित पाए गए। अधिष्ठाता ने चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति और मरीजों को समय पर इलाज देने की व्यवस्था की सराहना की।

हालांकि, मेडिसिन विभाग की ओपीडी में केवल एक वरिष्ठ कंसलटेंट उपस्थित पाए जाने पर डॉ. धाकड़ ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और विभागाध्यक्ष को तुरंत निर्देश दिए कि ओपीडी समय के दौरान कोई भी कंसलटेंट राउंड पर न जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी चिकित्सक ओपीडी में मौजूद रहकर मरीजों की जाँच और उपचार करें और राउंड लेने का समय अलग निर्धारित किया जाए ताकि ओपीडी सेवाओं में किसी भी तरह की बाधा न आए।

इसके अलावा अधिष्ठाता ने कैंसर विभाग का निरीक्षण किया और वहां स्थापित की जा रही नई ब्रैकीथेरेपी मशीन की इंस्टॉलेशन साइट का जायजा लिया। डॉ. धाकड़ ने विभागाध्यक्ष डॉ. अक्षय निगम को स्पष्ट निर्देश दिए कि मशीन आने से पहले सभी आवश्यक इंतजाम पूरे किए जाएँ और नगर निगम से फायर एनओसी शीघ्र प्राप्त किया जाए।

डॉ. धाकड़ ने कहा कि अस्पताल में मरीजों को सर्वोत्तम सुविधा और समय पर उपचार मिलना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी चिकित्सकों से आग्रह किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता से करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डॉ. धाकड़ की इस सक्रियता और गंभीरता ने अस्पताल की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया है और मरीजों की बेहतर सेवा सुनिश्चित की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *