नगर निगम की शीतल पहल: चिलचिलाती धूप के बीच ठंडी फुहारों से मिली बड़ी राहत,सुबह से रात तक चलेंगे फव्वारे, वातावरण में घुलेगी नमी

ग्वालियर15मई2026 शहर में भीषण गर्मी के चलते दिन में सड़क पर निकलना भारी हो रहा है और चल रही लू के थपेड़े लोगों को परेशान कर रहे हैं। ऐसे में नागरिकों को गर्मी से राहत देने के लिए नगर निगम द्वारा प्रमुख चौराहों पर फव्वारे (मिस्ट स्प्रे सिस्टम) शुरू कर दिए गए हैं। यह सिस्टम सुबह से लेकर रात तक कार्य कर रहे हैं, जिससे इन चौराहों से निकलने वाले राहगीरों को काफी राहत मिल रही है।

ठंडी फुहारों से तापमान में आएगी कमी

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार नगर निगम द्वारा गर्मी में लोगों को राहत पहुंचाने के लिए यह मिस्ट टावर शुरू किए गए हैं। निगम की इस पहल से राहगीरों और दुकानदारों को चिलचिलाती धूप में ठंडी फुहारों का आनंद मिल रहा है। यह सुविधा न केवल तापमान में कमी लाने के लिए है, बल्कि इससे वातावरण में नमी भी बढ़ेगी, जिससे गर्मी का प्रभाव कम होगा।

प्रमुख चौराहों पर लगाए जा रहे मिस्ट टावर

शहर के विभिन्न व्यस्त और प्रमुख चौराहों पर इन मिस्ट टावरों को लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लू और बढ़ते तापमान को देखते हुए यह सिस्टम बेहद प्रभावी साबित हो रहे हैं। राहगीरों ने भी निगम के इस प्रयास की सराहना की है, क्योंकि दोपहर के समय इन चौराहों से गुजरते वक्त अब उन्हें पहले जैसी जलन और उमस का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *