ग्वालियर, 24 अक्टूबर 2026: मराठी खेल एवं सांस्कृतिक आयोजन समिति ग्वालियर और महाराष्ट्र क्षत्रिय हितचिंतक सभा के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय ‘मराठी महाजत्रा 2026’ का आयोजन 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को मराठा बोर्डिंग जयेंद्रगंज में किया जा रहा है। इस संबंध में एक प्रेसवार्ता 24 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रोत्थान न्यास, नई सड़क स्थित माधव कॉलेज के सामने आयोजित की गई। आयोजन समिति की ओर से गिरीश तारे, रवि कल्याणकर और मीडिया प्रभारी निशिकांत सुरंगे ने उपस्थित पत्रकारों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को विस्तृत जानकारी दी। इस वार्ता में योगेश रेवडीकर, सचिन गोठनकर, गौरव नाईक और उपेन्द्र कस्तूरे उपस्थित थे। महाजत्रा में मुख्य आकर्षण खाद्य पदार्थों के स्टॉल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं होंगी।
31 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के.आर.जी. कॉलेज की मराठी भाषा विभागाध्यक्ष श्रीमती संगीता सोमवंशी और समाजसेविका डॉ. अश्विनी देशमुख होंगी। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में गणेश वंदना के बाद श्री अनंत कुमार प्रभुणे के द्वारा वायलीन की प्रस्तुति होगी जिसमें संगत कलाकार तबले पर श्री अविनाश महाजनी होंगे। महाजत्रा का उद्घाटन अतिथियों द्वारा सायं 6 बजे होगा। 31 अक्टूबर को तात्काल भाषण एवं समूह लावणी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
01 नवंबर 2026 (रविवार) के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री स्वप्निल वानखेड़े कलेक्टर दतिया होंगे, विशिष्ट अतिथि डॉ. विकास बाबूराव ठाकरे (एसोसिएट डायरेक्टर डीआरडीई) एवं प्रसिद्ध अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. समीर गोखले होंगे। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम संस्था नाद नमन द्वारा महाराष्ट्र का पारंपरिक नृत्य गोंधळ, भवानी समूह द्वारा सणां चा सोहळा एवं आकांक्षा आठले संगीत के साथ योग की प्रस्तुति देंगी। इस दिन चित्रकला, रंगोली और मराठी प्रश्नमंच प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।





