मालनपुर12मई2026।अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर मालनपुर स्थित ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा स्थानीय सरकारी अस्पताल के चिकित्सा कर्मियों का भावपूर्ण सम्मान किया गया। संस्थान की बहनों ने अस्पताल पहुँचकर डॉक्टरों, नर्सों और कंपाउंडरों को सम्मान पट्टीका पहनाई और उपहार भेंट कर उनकी निस्वार्थ सेवाओं की सराहना की। इस दौरान पूरा अस्पताल परिसर सेवा और समर्पण के गौरवमयी वातावरण से सराबोर नजर आया।
नर्स वह फरिश्ता है जो दूसरों के दर्द में मुस्कुराहट बांटती है: बीके अनामिका
सम्मान समारोह के दौरान ब्रह्माकुमारी अनामिका और डॉ. राधा बहन ने नर्सिंग स्टाफ की महिमा करते हुए उन्हें समाज का रक्षक बताया। डॉ. राधा बहन ने जानकारी देते हुए बताया कि नर्स वह फरिश्ता है जो बिना पंखों के उड़ान भरती है और दूसरों के दर्द को अपना बनाकर उनके चेहरों पर मुस्कुराहट लौटाती है। वास्तव में नर्स की सेवा का कोई विकल्प नहीं है और उनकी समाज के प्रति जिम्मेदारी अत्यंत सराहनीय है।
डॉक्टर भगवान का रूप तो नर्स उनकी शक्ति: ज्योति बहन
ब्रह्माकुमारी संस्थान मालनपुर की संचालिका ज्योति बहन ने भी चिकित्सा स्टाफ को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। ज्योति बहन के मुताबिक, डॉक्टर को भले ही भगवान का दूसरा रूप माना जाता है, लेकिन उनके साथ साए की तरह रहकर मरीज को स्वस्थ करने का पुण्य कार्य नर्स ही करती हैं। उन्होंने नर्सिंग स्टाफ की सेवाओं को कोटि-कोटि प्रणाम किया। इसी क्रम में ब्रह्माकुमार प्रसाद भाई ने डॉक्टर साहब को सम्मान पट्टीका पहनाकर उनकी कर्तव्यनिष्ठा का अभिनंदन किया।
परमात्मा के ध्यान के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने संस्थान की बहनों के साथ मिलकर कुछ क्षणों के लिए परमात्मा का ध्यान किया और स्वस्थ समाज की कामना के साथ ईश्वर को धन्यवाद दिया। सभी चिकित्सा कर्मियों ने ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा मिले इस स्नेह और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।





