ग्वालियर08मई2026।ग्वालियर शहर में नियमों को ताक पर रखकर देर रात तक शराब बेचने वाले ठेकेदारों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर गुरुवार रात जिला प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शहर की विभिन्न शराब दुकानों पर औचक छापेमारी की। इस कार्यवाही के दौरान निर्धारित समय सीमा के बाद भी दुकानें खुली पाई गईं और वहां मदिरापान कराया जा रहा था। प्रशासन ने मौके पर ही पंचनामा बनाकर संबंधित लायसेंसियों को आरोप पत्र जारी कर दिए हैं।
अलकापुरी में रात पौने 12 बजे तक चल रही थी महफिल
छापेमारी की पहली बड़ी कार्यवाही अलकापुरी स्थित सिटी सेंटर क्रमांक-02 की कंपोजिट मदिरा दुकान पर हुई। एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह, तहसीलदार कुलदीप दुबे और सहायक आबकारी अधिकारी नरेश कुशवाह की टीम जब रात 11:40 बजे वहां पहुँची, तो दुकान न सिर्फ खुली थी बल्कि उसके प्रथम तल पर महफिल सजी हुई थी। पुलिस और प्रशासन की टीम को वहां चार अलग-अलग टेबलों पर लोग शराब पीते मिले। टीम ने मौके से खाली बारदाना और मदिरापान के साक्ष्य जप्त कर लायसेंसी के खिलाफ गंभीर अनियमितता का प्रकरण दर्ज किया है।
हजीरा में भी समय के बाद बिक रही थी शराब
प्रशासन की दूसरी टीम ने एसडीएम ग्वालियर सिटी प्रदीप शर्मा और सहायक आबकारी अधिकारी उमेश कुमार स्वर्णकार के नेतृत्व में हजीरा क्षेत्र में दबिश दी। यहाँ लक्ष्मणपुरा स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान पर तय समय के बाद भी धड़ल्ले से शराब की बिक्री की जा रही थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर ही पंचनामा तैयार किया और ठेकेदार को नोटिस थमाया।
कलेक्टर के सख्त निर्देश: उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्यवाही
इस औचक निरीक्षण के बाद सहायक आबकारी आयुक्त द्वारा दोनों दुकानों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आबकारी नियमों का उल्लंघन करने वाली दुकानों के लाइसेंस निलंबित या निरस्त भी किए जा सकते हैं। शहर में देर रात तक अवैध रूप से चलने वाले अहातों और दुकानों पर नजर रखने के लिए विशेष टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।




