डबरा/ग्वालियर। 26 फरवरी 2026 ग्वालियर जिले के डबरा देहात थाना क्षेत्र में दोस्ती और पैसों के लेन-देन में उपजे विवाद ने अपहरण की सनसनीखेज वारदात का रूप ले लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर अपहृत महिला को सुरक्षित बचा लिया है और मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
विवाद और अपहरण का मुख्य कारण
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए थाना प्रभारी डबरा देहात सुधाकर सिंह तोमर ने बताया कि फरियादिया प्रेमबती (परिवर्तित नाम) की बेटी प्रियंका (परिवर्तित नाम) अपने पति से अनबन के कारण डबरा में किराए से रह रही थी। इस दौरान उनकी पहचान दूर के रिश्तेदार अर्जुन परिहार निवासी गंजबासौदा से हुई। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी और अर्जुन ने प्रियंका की आर्थिक मदद भी की थी।
थाना प्रभारी सुधाकर सिंह तोमर बताया कि पिछले कुछ महीनों से प्रियंका और अर्जुन के बीच इसी पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हो गया था। अर्जुन अपने दिए हुए पैसे वापस मांग रहा था, जिसे लेकर वह प्रियंका को लगातार परेशान कर रहा था। विवाद इतना बढ़ा कि अर्जुन ने प्रियंका को सबक सिखाने के लिए उसके अपहरण की साजिश रच डाली।
दिनदहाड़े पिस्टल की नोक पर वारदात
घटनाक्रम की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि 25 फरवरी की सुबह जब प्रियंका अपनी माँ के साथ बच्चों को स्कूल छोड़कर लौट रही थी, तभी स्कूल के सामने घात लगाए बैठे अर्जुन परिहार और उसके 4 साथियों ने स्लेटी रंग की ईको गाड़ी से उनका रास्ता रोका। अर्जुन ने प्रियंका पर पिस्टल तान दी और चिल्लाते हुए कहा, “मेरे पैसे नहीं देगी, तेरी इतनी हिम्मत!” इसके बाद आरोपियों ने माँ को धक्का देकर गिरा दिया और प्रियंका को जबरन गाड़ी में डालकर फरार हो गए।
पुलिस की घेराबंदी और चंदेरी से गिरफ्तारी
थाना प्रभारी सुधाकर सिंह तोमर ने बताया कि तकनीकी सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की लोकेशन चंदेरी (जिला अशोक नगर) के पास मिली। पुलिस टीम ने सिंहपुर तालाब हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी अर्जुन परिहार और उसके साथी सचिन धाकड़ को धर दबोचा।

जप्त माल और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई ईको गाड़ी (MP04-YX-7564) और अर्जुन परिहार के पास से एक देशी पिस्टल मय मैग्जीन बरामद की है। थाना प्रभारी सुधाकर सिंह तोमर ने जानकारी दी कि महिला को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ धारा 140(3), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। फरार अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है।





