ग्वालियर17जून2026 नगर निगम के अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने शहर में बल्क वेस्ट जनरेटर (बीडब्ल्यूजी) सर्वेक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी प्रतिनिधियों को 30 जून तक सर्वे कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता प्रबंधन की दृष्टि से यह सर्वे अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा किया जाए। बाल भवन में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान अपर आयुक्त राव ने सर्वेक्षण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आईईसी टीम को प्रशिक्षण देकर 3 दिन में काम पूरा करने के निर्देश
उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य को गति देने के लिए आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) टीम के सभी स्वयंसेवकों को तत्काल प्रशिक्षण प्रदान किया जाए तथा प्रशिक्षण के बाद उनसे तीन दिनों के भीतर निर्धारित कार्य पूर्ण कराया जाए। बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि शहर में लगभग 1,500 बल्क वेस्ट जनरेटरों का सर्वे किया जाना है। इस पर अपर आयुक्त ने कहा कि सभी टीमें समन्वित रूप से कार्य करें और सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त आंकड़ों का सही एवं व्यवस्थित संकलन सुनिश्चित करें, ताकि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।
बैठक में बीडब्ल्यूजी सर्वे के विभिन्न बिंदुओं पर हुई चर्चा
बैठक में सर्वे कार्य से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में नगर निगम उपायुक्त स्वच्छ भारत मिशन मुकेश बंसल, सहायक नोडल अधिकारी शैलेंद्र सक्सेना, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर मऊ सेन गुप्ता, एसबीएम कंसल्टेंट देवेंद्र निम, अमित के सिंह, नवीन राणा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





