इंदौर05अगस्त2026 आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) इंदौर की टीम ने एम.वाय.एच. (महाराजा यशवंतराव) अस्पताल में पदस्थ फार्मासिस्ट राकेश गोरखे के ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की है। आरोपी फार्मासिस्ट पर अपने पद का दुरुपयोग करते हुए सरकारी दवाओं के स्टॉक में भ्रष्टाचार और हेराफेरी कर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत का प्राथमिक परीक्षण करने के बाद EOW की गठित टीम द्वारा यह बड़ी कार्रवाई की जा रही है। EOW एसपी इंदौर रामेश्वर यादव के मुताबिक प्रारंभिक जांच में आरोपी फार्मासिस्ट के पास उसकी वैध आय की तुलना में 108 प्रतिशत से भी अधिक (दो गुने से ज्यादा) की संपत्ति पाई गई है।
वेतन की तुलना में दोगुनी से अधिक संपत्तियों की खरीद
EOW की जांच में सामने आया कि आरोपी राकेश गोरखे की शासकीय सेवा में नियुक्ति वर्ष 2007 में हुई थी। वर्ष 2015 में उनका कुल मासिक वेतन 18,711 रुपये था, जो वर्ष 2025 में बढ़कर 54,664 रुपये पहुंचा। वहीं उनकी पत्नी श्रीमती कीर्ति गोरखे वर्ष 2010 से शासकीय दन्त चिकित्सालय में लाइब्रेरियन के पद पर पदस्थ हैं और उन्हें वर्तमान में 42,402 रुपये मासिक वेतन प्राप्त हो रहा है। जांच अवधि (चेक पीरियड) के दौरान पति-पत्नी दोनों की वैध स्रोतों से कुल आय 1,11,31,383 रुपये आंकी गई, जबकि इस दौरान आरोपी द्वारा 2,13,85,000 रुपये मूल्य की अचल संपत्तियां क्रय की जाना पाई गईं, जो उनकी वैध आय से दोगुनी से भी अधिक है।
छापेमारी में मिलीं ये 6 प्रमुख संपत्तियां
EOW एसपी इंदौर रामेश्वर यादव जानकारी देते हुए बताया कि EOW इंदौर द्वारा की गई अब तक की कार्रवाई में आरोपी द्वारा खरीदी गई 6 प्रमुख संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं। इनमें वृंदावन गार्डन (स्कीम नंबर 140, इंदौर) में 1000 वर्गफुट पर निर्मित दो मंजिला मकान (अनुमानित कीमत लगभग 54,89,050 रुपये), संघवी रेसीडेंसी (बिचौली मर्दाना, इंदौर) में 2337 वर्गफुट का प्लॉट (कीमत 25,06,186 रुपये), सद्गुरु नंदी विहार (बड़िया कीमा, इंदौर) में 1571 वर्गफुट का प्लॉट (कीमत 20,78,178 रुपये), आकार एन.आर.ई. सिटी (इंदौर) में 8000 वर्गफुट का बड़ा प्लॉट (कीमत 78,74,185 रुपये), साहिल इंफ्रांचल होम (इंदौर) में 1302 वर्गफुट का प्लॉट (कीमत 27,62,411 रुपये) शामिल हैं। इसके अलावा आरोपी द्वारा ओमेक्स डेवलपर को प्लॉट हेतु 6,70,000 रुपये का भुगतान किए जाने के प्रमाण भी मिले हैं।
बिना विभागीय अनुमति के की थाइलैंड यात्रा, नगदी और पासपोर्ट जब्त
जांच के दौरान आरोपी के पासपोर्ट से यह भी उजागर हुआ है कि वह अक्टूबर 2023 में थाइलैंड की विदेश यात्रा पर गया था। इस यात्रा के लिए उसने अपने विभाग से कोई पूर्वानुमति प्राप्त नहीं की थी। विदेश यात्रा पर हुए खर्च का आकलन कर उसे भी आरोपी के कुल व्यय में जोड़ा जाएगा। आरोपी ने अपनी कई संपत्तियों की जानकारी भी विभाग को नियमानुसार नहीं दी थी। छापेमारी के दौरान आरोपी के निवास स्थल से संपत्तियों की रजिस्ट्रियों की प्रतियां, बैंक पासबुक, पासपोर्ट और 1 लाख 51 हजार रुपये नगद जब्त किए गए हैं।
विशेष टीम कर रही मामले की जांच
EOW इंदौर द्वारा इस पूरी कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। उप पुलिस अधीक्षक नंदिनी शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक प्रीतम सिंह ठाकुर, उप पुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह सिसोदिया, निरीक्षक कैलाशचंद्र पाटीदार, निरीक्षक आमोद सिंह राठौर एवं अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी इस कार्रवाई को अंजाम दे रहे हैं। EOW अधिकारियों के अनुसार मामले में दस्तावेजों की जांच और सर्च की कार्रवाई अभी जारी है।





