ग्वालियर08मई2026। अवैध हथियार रखने और उनकी खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना महाराजपुरा की बरेठा चौकी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहाँ पुलिस ने आर्म्स एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक शातिर आरोपी को घेराबंदी कर दबोच लिया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
बीती 07 मई 2026 को बरेठा चौकी प्रभारी को को सूचना प्राप्त हुई कि थाना महाराजपुरा के अपराध क्रमांक 214/26 (धारा 25/27 आर्म्स एक्ट) में फरार आरोपी सोनू गुर्जर एक बिना नंबर की सफेद वेन्यू कार से अवैध हथियार लेकर मालनपुर से ग्वालियर की ओर आ रहा है।
घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी
सूचना की पुष्टि होते ही बरेठा चौकी प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव की टीम ने चौकी के सामने सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मालनपुर की तरफ से आ रही एक संदिग्ध सफेद वेन्यू कार को पुलिस ने चारों तरफ से घेरकर रोक लिया। कार चालक ने पूछताछ में अपना नाम सोनू गुर्जर निवासी ग्राम पुर पढावली, मुरैना बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का एक देशी कट्टा, 02 जिंदा कारतूस और 02 हजार रुपये नकद बरामद हुए, जिसे पुलिस ने कार सहित जप्त कर लिया।
पुराने मामले में था फरार
उल्लेखनीय है कि 15 अप्रैल 2026 को महाराजपुरा पुलिस ने हेमराज गुर्जर नामक युवक को अवैध बंदूक और 10 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। तब पूछताछ में हेमराज ने कुबूल किया था कि उसने वे हथियार सोनू गुर्जर से खरीदे थे, जिसके बाद से ही पुलिस सोनू की तलाश में जुटी हुई थी।
इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी यशवंत गोयल, चौकी प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव सहित प्रधान आरक्षक अशोक मावई, आरक्षक दिनेश शर्मा, प्रदीप यादव और नागेश शर्मा की विशेष भूमिका रही।





