ग्वालियर 18 मई 2026/ निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में भी नगरीय निकायों एवं पंचायतों की मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2026 प्रचलन में है। राजनैतिक दल अपने-अपने मतदाता एजेंट नियुक्त करें। साथ ही प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन कर अपने दावे-आपत्तियां दर्ज कराएं, जिससे इनका निराकरण कर शुद्ध मतदाता सूची तैयार की जाती हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) श्रीमती रुचिका चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुई स्टेंडिंग कमेटी की बैठक में मौजूद राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से यह बात कही गई। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती चौहान ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगणों को नगरीय निकायों की प्रारूप मतदाता सूची के एक – एक सेट भी प्रदान किए।
सोमवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अनिल बनवारिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण मौजूद थे।
बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी दी गई कि जिले में सभी मतदान केन्द्रों पर मतदाता सूची को अद्यतन करने की कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य नए मतदाताओं के नाम जोड़ना, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाना तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन करना है। अभियान के अंतर्गत 15 मई से 25 मई 2026 तक मतदान केन्द्रों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में पात्र नागरिक नए नाम जुड़वाने, नाम हटवाने एवं संशोधन संबंधी आवेदन कर सकेंगे। जिला निर्वाचन कार्यालय ने आमजन से अपील की है कि वे अपने मतदान केन्द्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और आवश्यकता होने पर आवेदन प्रस्तुत करें।
इन फार्मों के जरिये करें दावा-आपत्ति
•ER-1 (परिवर्धन) – मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए।
•ER-2 (विलोपन) – मतदाता सूची से अपना या किसी अन्य का नाम हटवाने के लिए।
•ER-3 (संशोधन) – मतदाता सूची में नाम या अन्य विवरण में सुधार कराने के लिए।
ये सभी फार्म दावा-आपत्ति अवधि में प्राधिकृत कर्मचारियों के पास निःशुल्क उपलब्ध रहेंगे। फार्म जमा करते समय उसमें उल्लेखित आवश्यक दस्तावेजों की प्रति संलग्न करना अनिवार्य है।ऑनलाइन भी खोज सकते हैं अपना नाम
नागरिक अपना नाम नगरीय निकायों या पंचायतों की मतदाता सूची में ऑनलाइन भी खोज सकते हैं। इसके लिए https://mpsecerms.mp.gov.in/SECSearchEngine लिंक का उपयोग किया जा सकता है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपने नाम की जांच अवश्य कराएं और आवश्यकता होने पर निर्धारित अवधि में दावा-आपत्ति प्रस्तुत करें।




