ग्वालियर, 12 मई 2026/ ग्वालियर जिले में पंचायतों और नगरीय निकायों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग, भोपाल के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2026 के विधानसभा मतदाताओं के आधार पर प्रारूप मतदाता सूची तैयार की गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) श्रीमती रुचिका चौहान ने निर्धारित कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य संपादित करने के निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
15 से 25 मई तक दावे-आपत्तियां होंगी स्वीकार
निर्धारित कार्यक्रम के तहत इन प्रारूप मतदाता सूचियों पर 15 मई से 25 मई 2026 तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इसके लिए नगरीय निकायों में वार्ड स्तर पर और जनपद पंचायतों में ग्राम पंचायत स्तर पर प्राधिकृत कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं।कोई भी नागरिक करा सकता है नाम की जांच
आम नागरिक इन दिनों अपने वार्ड या ग्राम पंचायत स्तर पर जाकर मतदाता सूची में अपने नाम की जानकारी ले सकते हैं। किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित फार्म भरकर दावा या आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है।इन फार्मों के जरिये करें दावा-आपत्ति
•ER-1 (परिवर्धन) – मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए।
•ER-2 (विलोपन) – मतदाता सूची से अपना या किसी अन्य का नाम हटवाने के लिए।
•ER-3 (संशोधन) – मतदाता सूची में नाम या अन्य विवरण में सुधार कराने के लिए।
ये सभी फार्म दावा-आपत्ति अवधि में प्राधिकृत कर्मचारियों के पास निःशुल्क उपलब्ध रहेंगे। फार्म जमा करते समय उसमें उल्लेखित आवश्यक दस्तावेजों की प्रति संलग्न करना अनिवार्य है।ऑनलाइन भी खोज सकते हैं अपना नाम
नागरिक अपना नाम नगरीय निकायों या पंचायतों की मतदाता सूची में ऑनलाइन भी खोज सकते हैं। इसके लिए https://mpsecerms.mp.gov.in/SECSearchEngine लिंक का उपयोग किया जा सकता है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपने नाम की जांच अवश्य कराएं और आवश्यकता होने पर निर्धारित अवधि में दावा-आपत्ति प्रस्तुत करें।




