15 दिसम्बर से 15 फरवरी तक पूरी भव्यता के साथ लगेगा ग्वालियर व्यापार मेला, बढ़ेगा झूला सेक्टर का दायरा और सीसीटीवी से होगी निगरानी

ग्वालियर18नवंबर2026। ऐतिहासिक श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला इस बार पूरी भव्यता और नए आकर्षणों के साथ आयोजित होगा। मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन की अध्यक्षता तथा उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह गुर्जर व कलेक्टर रुचिका चौहान की मौजूदगी में बुधवार को हुई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में तय हुआ कि इस वर्ष मेला 15 दिसम्बर से 15 फरवरी तक चलेगा और सैलानियों की सुरक्षा व सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।

झूला सेक्टर में बढ़ेगी सुरक्षा, हटेगी ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन सैलानियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए झूला सेक्टर का क्षेत्रफल बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए सेक्टर के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को शिफ्ट किया जाएगा, जिसकी आवश्यक धनराशि मेला प्राधिकरण विद्युत वितरण कंपनी को देगा। ईएण्डएम व अन्य संबंधित विभागों को झूलों का प्रतिदिन बारीकी से तकनीकी निरीक्षण करने और सुगम आवागमन के लिए बड़े झूलों के आगे छोटे झूले न लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, सैलानियों की सहूलियत के लिए पूरे मेला परिसर का नक्शा भी तैयार होगा, जिसमें दुकानों के सेक्टर और शौचालय जैसी जनसुविधाओं का स्पष्ट उल्लेख रहेगा।

पार्किंग में इलेक्ट्रॉनिक रसीद और चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी की नजर मेले में आने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग बनाई जाएगी ताकि सड़कों पर जाम न लगे। पार्किंग ठेकेदारों को प्रवेश द्वार पर निर्धारित शुल्क का बैनर लगाना अनिवार्य होगा और वाहन मालिकों को इलेक्ट्रॉनिक रसीद दिलाने की व्यवस्था भी की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर पार्किंग सहित पूरे मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और रात में पुलिस की विशेष गश्त रहेगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेले के चारों कोनों पर आईएमए व निजी अस्पतालों के सहयोग से अस्थायी अस्पताल बनेंगे और पर्याप्त फायर ब्रिगेड तैनात कर मॉकड्रिल भी कराई जाएगी।

स्वच्छता और छोटे दुकानदारों के लिए विशेष पहल हाथ ठेला और फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले छोटे दुकानदारों की अच्छी बिक्री सुनिश्चित करने के लिए मेले में सर्वाधिक आवागमन वाले स्थान पर अलग सेक्टर निर्धारित किया जाएगा। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए मेले को चार सेक्टर में बांटकर कर्मचारियों की ड्यूटी लगेगी और पूरे सफाई अभियान की वीडियोग्राफी भी होगी। छोटे दुकानदारों व सफाई मित्रों को निःशुल्क बैग दिए जाएंगे, जबकि प्लास्टिक की पन्नी बीनने वाले स्वयंसेवियों को प्राधिकरण भोजन के कूपन देकर प्रोत्साहित करेगा। इसके अतिरिक्त, मेले को धूल मुक्त (डस्टफ्री) रखने के लिए नगर निगम की फॉगर मशीन से नियमित छिड़काव कराया जाएगा।

अंतर्राष्ट्रीय पहलवानों का दंगल और रक्षा प्रदर्शनी बनेगी आकर्षण इस बार मेले में पहली बार अखिल भारतीय कुश्ती प्रतियोगिता (दंगल) होगी, जिसमें अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पुरुष व महिला पहलवान दमखम दिखाएंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, मुशायरा, लोक नृत्य-संगीत के साथ ही किसी बड़े स्टार को बुलाने के प्रयास भी जारी हैं। प्रदर्शनी सेक्टर में सरकारी योजनाओं, मालनपुर-बानमोर के उद्योगों व अन्य राज्यों के मंडपों के साथ स्वदेशी हथियारों की रक्षा प्रदर्शनी लगाने की तैयारी है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्थानीय युवा उद्यमियों के स्टार्टअप को भी प्रदर्शनी में स्थान देने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासनिक स्तर पर मेले की संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के लिए एक विशेष मोबाइल एप तैयार करने तथा सप्ताह में किसी एक दिन मेले को 24 घंटे खुला रखने पर भी विचार किया जा रहा है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह रावत, अपर आयुक्त नगर निगम प्रदीप तोमर और मेला सचिव सुनील त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *