ग्वालियर28अप्रैल2026। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आदतन अपराधियों पर नकेल कसने के लिए ग्वालियर पुलिस ने बीती रात एक विशाल ‘कॉम्बिंग गश्त’ अभियान चलाया। शहर से लेकर देहात तक चले इस अभियान में पुलिस ने 204 फरार वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
मैदान में उतरे आला अफसर
27 और 28 अप्रैल की दरमियानी रात को चले इस विशेष अभियान में तमाम राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी अपनी टीमों के साथ सड़कों पर उतरे। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने स्वयं शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर गश्त का जायजा लिया और मुस्तैदी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
204 गिरफ्तार, 268 बदमाशों की चेकिंग
इस व्यापक सर्चिंग के दौरान पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 99 स्थाई वारंटी और 105 गिरफ्तारी वारंटी सहित कुल 204 अपराधियों को पकड़ा। इसके साथ ही पुलिस टीमों ने 133 गुंडा और 135 हिस्ट्रीशीटरों के घरों पर दबिश देकर उन्हें चेक किया। पुलिस ने जेल से रिहा होकर आए अपराधियों और जिला बदर के आरोपियों की भी जानकारी ली और उन्हें सख्त चेतावनी दी कि किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
इन जगहों पर भी हुई कार्रवाई
- अवैध शराब: थाना घाटीगांव में कॉम्बिंग गश्त के दौरान अवैध शराब का एक प्रकरण दर्ज किया गया।
- प्रतिबंधात्मक कार्रवाई: थाना पिछोर में धारा 107/116 के तहत दो कार्रवाइयां की गईं।
- चेकिंग: रात भर चली इस गश्त में पुलिस ने होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों और बैंक एटीएम को भी चेक किया। साथ ही मुंह बांधकर घूमने वाले दोपहिया वाहन चालकों और संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी ली गई।
अपराध मुक्त ग्वालियर का लक्ष्य
ग्वालियर पुलिस के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य फरार बदमाशों की धरपकड़ करना और जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की औचक कार्रवाइयां भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगी।





