एक्शन में ग्वालियर पुलिस: देर रात कॉम्बिंग गश्त में 197 फरार वारंटी गिरफ्तार, 282 गुण्डों-हिस्ट्रीशीटरों की हुई चेकिंग

ग्वालियर22अगस्त2026 जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देश पर 21 और 22 अगस्त की दरमियानी रात्रि शहर व देहात के थाना क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त की गई। इस दौरान अति पुलिस अधीक्षक मध्य व यातायात सुजावल जग्गा, अति पुलिस अधीक्षक पश्चिम व अपराध सुमन गुर्जर, अति पुलिस अधीक्षक पूर्व डॉ शिवेश सिंह बघेल, अति पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जयराज कुबेर सहित ग्वालियर पुलिस के समस्त राजपत्रित अधिकारियों ने अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों और पुलिस बल के साथ क्षेत्रों में गश्त कर कार्रवाई की।

अधिकारियों की मौजूदगी में सड़कों पर उतरी पुलिस

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने स्वयं शहर में कॉम्बिंग गश्त का जायजा लिया और अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्वालियर पुलिस के अधिकारियों ने अधीनस्थ थाना बल के साथ अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त किया। इस दौरान फरारी बदमाशों, वारंटियों, गुण्डों, हिस्ट्रीशीटरों और जिला बदर के आरोपियों की उनके घरों पर चेकिंग की गई। इसके अलावा बैंक एटीएम, होटल, लॉज, धर्मशाला और ढाबों को भी चेक किया गया। संवेदनशील इलाकों में गश्त के दौरान संदिग्ध वाहनों तथा मुंह बांधकर चलने वाले दो पहिया वाहन चालकों की चेकिंग की गई।

197 वारंटी गिरफ्तार और 282 की चेकिंग

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जिले में कुल 93 स्थायी वारंट और 104 गिरफ्तारी वारंट तामील कराते हुए 197 वारंटियों को गिरफ्तार किया। साथ ही 140 गुण्डा और 142 हिस्ट्रीशीटरों को मिलाकर कुल 282 असामाजिक तत्वों के रिकॉर्ड चेक किए गए। कॉम्बिंग गश्त के दौरान अवैध शराब बिक्री के मामले में थाना हजीरा एवं थाना महाराजपुरा में 1-1 प्रकरण पंजीबद्ध किया गया तथा धारा 107/116 जाफौ के तहत 2 कार्रवाइयां की गईं।

अपराधियों को दी गई सख्त चेतावनी

पुलिस ने कई सक्रिय बदमाशों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए गुण्डों और हिस्ट्रीशीटरों का रिकॉर्ड अपडेट किया। शहर व देहात की गलियों में घूमकर बदमाशों की धरपकड़ की गई। चेकिंग के दौरान प्रत्येक आरोपी को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि वह किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी। जेल से रिहा होकर आए आरोपियों की भी जांच की गई। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *