ग्वालियर: दीपावली पर नगर निगम की सख्त कार्रवाई, वार्ड 65 में बिना अनुमति पटाखों का भंडारण मिलने पर गोदाम सील

ग्वालियर, 23 अक्टूबर 2026। दीपावली महापर्व के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नगर निगम ग्वालियर द्वारा पटाखों के भंडारण, विक्रय एवं निर्माण स्थलों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में निगम आयुक्त एवं अपर आयुक्त (फायर) के मार्गदर्शन तथा उपायुक्त (फायर) रजनीश गुप्ता के निर्देशन में 23 अक्टूबर को वार्ड क्रमांक 65 सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 65 में बिना अनुमति पटाखों का भंडारण पाए जाने पर संबंधित गोदाम को बंद कर सील करने की कार्रवाई की गई।

बिना अनुमति चल रहा था भंडारण निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 65 के स्थानीय रहवासियों से एक मकान में बिना अनुमति पटाखों का भंडारण किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना को गंभीरता से लेते हुए फायर विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच की। जांच के दौरान दिनेश जैन के मकान में बिना पूर्व सूचना एवं अनुमति के पटाखों का भंडारण पाया गया।

इस संबंध में मकान मालिक को सूचित कर मौके पर उपस्थित होने के लिए कहा गया, लेकिन उनके उपस्थित नहीं होने पर संभावित अग्नि दुर्घटना तथा आसपास के रहवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित पटाखा भंडारण स्थल/गोदाम को बंद कर सील करने की कार्रवाई की गई।

मिलन फुलझड़ी के गोदाम का भी निरीक्षण इसके अतिरिक्त शिवपुरी लिंक रोड स्थित मिलन फुलझड़ी के गोदाम का भी अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित संचालकों को निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में नियमानुसार नोटिस जारी कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।

नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता नगर निगम द्वारा दीपावली पर्व के दौरान पटाखों के अवैध भंडारण, विक्रय एवं निर्माण स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संबंधित प्रतिष्ठानों एवं संचालकों को अग्नि सुरक्षा के निर्धारित नियमों तथा आवश्यक सावधानियों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी संभावित अग्नि दुर्घटना को रोका जा सके और नागरिक सुरक्षित वातावरण में दीपावली का पर्व मना सकें।

इस कार्रवाई के दौरान उपायुक्त (फायर) रजनीश गुप्ता, फायर ऑफिसर उमंग प्रधान, आनंद यादव, आर.आई. इंदर, संपत्तिकर संग्रह अमले के प्रतिनिधि धर्मेंद्र भदौरिया, रामवीर अहिरवार, प्रशांत पांडे, आशीष तोमर सहित फायर विभाग का अमला उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *