ग्वालियर, 05 अक्टूबर 2026। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर खनिज विभाग ने अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। प्रभारी अधिकारी पंकज ध्वज मिश्रा के मार्गदर्शन में विभागीय टीम ने आंतरी थाना क्षेत्र के ग्राम भारस में दबिश देकर अवैध खनन में लगी एक जेसीबी मशीन और टोल प्लाजा के पास से गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहा एक ट्रोला जब्त किया है।
भारस गांव में दबिश, जेसीबी जब्त
शिकायत के आधार पर खनिज विभाग की टीम ने ग्राम भारस में चिन्हित स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर जेसीबी मशीन द्वारा मुरम का अवैध खनन किया जा रहा था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेसीबी को जब्त कर आंतरी थाने की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया।
बेरजा-विजौली और मेहरा टोल पर सघन जांच
इसी कड़ी में देर रात बेरजा-विजौली टोल और मेहरा टोल क्षेत्र में जांच अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहा एक ट्रोला पकड़ा गया, जिसे जब्त कर संबंधित पुलिस चौकी की अभिरक्षा में रखवाया गया।
विभाग द्वारा जब्त दोनों वाहनों के खिलाफ ‘मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम, 2022’ के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में खनिज निरीक्षक रमाकांत तिवारी, होमगार्ड सैनिक मुनेत्र राणा व सुरजीत राणा तथा पुलिस लाइन का बल शामिल रहा। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





