ग्वालियरःरात्रिकालीन चौपाल में कलेक्टर श्रीमती चौहान दौलतपुर में हुईं ग्रामीणों से रूबरू, SSP धर्मवीर भी रहे मौजूद

ग्वालियर 30 अप्रैल 2026/ आमजनों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने और शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ हितग्राहियों को तत्परता से मिले इस उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान गुरुवार को रात्रिकालीन चौपाल के माध्यम से भितरवार विकासखंड के ग्राम दौलतपुर पहुँचीं और गाँव के मध्य में ग्रामीणों के साथ बैठकर उनकी समस्याओं को सुना और शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ग्रामीणों से रूबरू होकर रात्रिकालीन चौपाल कार्यक्रम के माध्यम से शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले, इसके लिये ग्राम दौलतपुर पहुँचीं। उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री सोजान सिंह रावत, एडिशनल एसपी श्री जयराज कुबेर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री राजीव समाधिया सहित जिले के विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी साथ थे।
रात्रिकालीन चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी-अपनी बात रखी। चौपाल में ग्रामीणों के समक्ष बीपीएल सूची का वाचन भी कराया गया। ग्रामीणों द्वारा गाँव के 5 लोगों को गरीब होने के कारण सूची में जोड़ने की मांग की गई। इसके साथ ही 5 ऐसे लोग जो गांव से बाहर गए हैं अथवा मृत्यु हो गई है उनके नाम हटाने की सहमति भी दी गई। रात्रिकालीन चौपाल में विभागीय अधिकारियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर भी ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याओं के संबंध में आवेदन दिए।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा है कि जो भी आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं उनका तत्परता से निराकरण सुनिश्चित किया जायेगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि सभी लोग शांति और सदभाव के साथ रहें, पुलिस उनकी सुरक्षा के लिये तैनात है। किसी भी प्रकार की कोई भी समस्या हो एवं कोई भी जानकारी आपको मिलती है तो तत्काल पुलिस का सहयोग करें। पुलिस आपकी सहायता के लिये तत्पतर है। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री सोजान सिंह रावत ने भी ग्रामीणों को शासन की योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

इन हितग्राहियों को मौके पर ही दिलाया लाभ

भितरवार विकासखंड के ग्राम दौलतपुर में आयोजित हुई रात्रिकालीन चौपाल में पेंशन योजना के 4 हितग्राहियों सहित अनुग्रह सहायता (संबल) के 2, आयुष्मान कार्ड के 4, नामांतरण के 8, लाड़ली लक्ष्मी योजना के 5 एवं नि:शुल्क पुस्तक वितरण के 10 हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ दिलाया गया। 

सेवादार ने आगे आकर सेवा के लिये बढ़ाया हाथ

रात्रिकालीन चौपाल में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के समक्ष कु. माया जाटव जिसके पिता का निधन कोरोना काल में हो गया था। उसके मकान की पक्की छत बनाने का पुनीत कार्य गाँव के एक सिख भाई श्री सेवादार सिंह ने अपने खर्च से बनाने का आश्वासन दिया। श्री सेवादार सिंह ने कहा कि इस पुनीत कार्य में मैं आवश्यक सहयोग करूंगा।  
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने श्री सेवादार सिंह द्वारा आगे आकर गाँव की बेटी का जो सहयोग किया है, उसकी प्रशंसा की। इस मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने ताली बजाकर उनका हौसला बढ़ाया। 
इसी प्रकार दो ग्रामीणों के बीच जमीन विवाद का भी कलेक्टर ने समझौते के साथ समाधान कराया। कलेक्टर की समझाइश पर दोनों सिख भाईयों ने हाथ मिलाकर गिले-शिकवे दूर किए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *